जमशेदपुर के जुबिली पार्क में डीटीओ और कदमा में महिला डॉक्टर को बदमाशों ने बनाया शिकार
jamshedpur. जमशेदपुर के जुबिली पार्क में मार्निंग वाक कर रहे जिला परिवहन पदाधिकारी और कदमा में स्कूटी से जा रही महिला डॉक्टर को बदमाशों ने अपना शिकार बनाया।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। हौसलाबुलंद अपराधियों ने पूर्वी सिंहभूम के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिनेश रंजन और महिला डॉक्टर वंदना पांडेय से मोबाइल, पर्स और सोने की चेन की छिनतई कर ली। दोनों घटना अलग-अलग स्थानों पर हुई।
दिनेश रंजन से सुबह करीब 7.30 बजे जुबिली पार्क में टहलते वक्त झपट्टामार मोबाइल फोन लेकर भाग गए। जबकि अपराधी कदमा-सोनारी लिंक रोड पर देर शाम 7.45 बजे डॉक्टर वंदना पांडेय से पर्स लेकर भाग गए। जब पुलिस ने अपराधियों घेरा तो उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा कर गिर गई। उसके बाद दोनों अपराधी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुबिली पार्क की घटना के बारे में डीटीओ ने बताया कि हर दिन की तरह जुबिली पार्क मॉर्निग वाक पर गए थे। जुलोजिकल पार्क की ओर से होते हुए पार्क की गेट संख्या दो के पास मोबाइल पर बातचीत करते पहुंचा। पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और झपट्टामार मोबाइल फोन छीन लिए। पुलिस गेट के आस-पास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
डॉक्टर के साथ छीना-झपटी
डाक्टर वंदना पांडेय स्कूटी से सोनारी बाल विहार स्थित घर जाने को निकली। सोनारी लिंक रोड के पास जैसे ही वह पहुंचीं, पीछे से पल्सर बाइक सवार दो युवक तेजी से आए और चिकित्सक की स्कूटी में टक्कर मार कर गिरा दिया। इसके बाद कंधे में लटके पर्स और गले से चेन को छीनने लगे। कुछ समय तक छीना-झपटी भी हुई। इसके बाद बदमाश बैग छीनने में सफल रहे। चिकित्सक को टुड्डी और माथे में चोट आई। टीएमएच में दाखिल कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक को घर जाने दिया गया।
टाटा मुख्य अस्पताल में हैं चिकित्सक
वंदना पांडेय टाटा मुख्य अस्पताल में चिकित्सक हैं। शाम को स्कूटी से वह सोनारी बाल विहार स्थित घर जाने को निकली। सोनारी लिंक रोड के पास जैसे ही वह पहुंचीं, पीछे से पल्सर बाइक सवार दो युवक तेजी से आए और चिकित्सक की स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे वह गिर गईं। इसके बाद बदमाशों ने पर्स छीन लिया। पर्स में एटीएम, मोबाइल फोन, तीन-चार हजार रुपये और जरूरी कागजात थे।
हाल के दिनों में हुई छिनतई
- 6 मार्च को जुबिली पार्क में स्कूटी सवार महिला से सोने की चेन की छिनतई।
- 2 मार्च को सीतारामडेरा थाना गोलचक्कर के पास बिरसानगर की महिला ममता कुमारी से बैग की छिनतई।
- 12 फरवरी को बिष्टुपुर में महिला इशरत परवीन से पर्स और मोबाइल की छिनतई।
- 29 जनवरी को कदमा रामनगर में महिला रुपा छाबडा से बैग की छिनतई।