ड्रग्स पेडलर डॉली का भाई मेहदी हसन आदित्यपुर में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार
Drug Trade In Adityapur. अपराधी मेंहदी हसन को आदित्यपुर थाना की पुलिस ने 29 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। उसकी तलाश पुलिस को काफी दिनों से थी। वह सरायकेला जेल में बंद ड्रग्स तस्कर डॉली परवीन का भाई है।
जमशेदपुर, जासं। अपराधी मेहदी हसन को आदित्यपुर थाना की पुलिस ने 29 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। उसकी तलाश पुलिस को काफी दिनों से थी। वह सरायकेला जेल में बंद ड्रग्स तस्कर डॉली परवीन का भाई है। जेल जाने के बाद मेहदी हसन आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में ड्रग्स का धंधा कर रहा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
उस पर डॉली परवीन के पति मो. कादिम पर जानलेवा हमला किए जाने की प्राथमिकी भी दर्ज है। डॉली के जेल जाने के बाद उसके पति कादिम और मेंहदी हसन के बीच ड्रग्स के धंधे पर वर्चस्व को लेकर गैंगवार हुआ था। गोलियां चली थी। एक-दूसरे पर हमले किए गए थे। कादिम घायल हुआ था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कादिम ने डॉली के भाई रमजान को गोली मार जख्मी कर दिया था। कादिम पर जानलेवा हमले में मेंहदी हसन फरार था। ड्रग्स की काली कमाई का हिस्सा जेल तक पहुंचा रहा था। दैनिक जागरण ने उड़ता आदित्यपुर अभियान में डॉली के जेल जाने के बाद मेंहदी हसन के धंधा संचालित किए जाने की खबर को लगातार प्रकाशित किया था।
डॉली के खिलाफ आरोप पत्र समर्पित
ड्रग्स पेडलर डॉली के खिलाफ आदित्यपुर थाना की पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मामले में आरोप पत्र समर्पित कर चुकी है। सरायकेला-खरसावां जिले के व्यवहार न्यायालय से उसकी जमानत भी खारिज हो चुकी है। जमानत के लिए उसने झारखंड उच्च न्यायालय में अर्जी दाखिल कर रखी है।
आदित्यपुर से जमशेदपुर में होती ड्रग्स की सप्लाई
आदित्यपुर से जमशेदपुर के इलाके में ड्रग्स की सप्लाई होती है। यहां भी यह कारोबार काफी फल-फल रहा है। मानगो इलाके से ड्रग्स बेचने वाले कई बार पकड़े भी गए हैं।