Draupadi Murmu: देश के 20 करोड़ आदिवासियों की अपील, द्रौपदी मुर्मू को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनें राष्ट्रपति
Draupadi Murmu राष्ट्रीय आदिवासी समागम (दरबार) के प्रधान महासचिव सह घाटशिला (झारखंड) के पू्र्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने कहा है कि देश के 20 करोड़ आदिवासी द्रौपदी मुर्मू को सर्वसम्मति से निर्विरोध राष्ट्रपति चुनने की अपील कर रहे हैं।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि यूपीए की ओर से पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा उम्मीदवार बनाए गए हैं। हालांकि द्रौपदी मुर्मू को बीजू जनता दल समेत यूपीए के कई घटक दल का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
आदिवासियों ने की सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनने की अपील
इस बीच राष्ट्रीय आदिवासी समागम (दरबार) के प्रधान महासचिव सह घाटशिला (झारखंड) के पू्र्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने कहा है कि देश के 20 करोड़ आदिवासी द्रौपदी मुर्मू को सर्वसम्मति से निर्विरोध राष्ट्रपति चुनने की अपील कर रहे हैं। संस्था इसकी घोषणा आठ जुलाई को कोलकाता प्रेस क्लब में करेगी। वहां प्रेस कांफ्रेंस कर भारत के आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा यह उद्घोष किया जाएगा कि देश के 16वें राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुना जाए।
कोलकाता में जुटेंगे विभिन्न राज्यों के आदिवासी प्रतिनिधि
सूर्य सिंह बेसरा ने बताया कि आठ जुलाई को कोलकाता स्थित प्रेस क्लब में विभिन्न राज्यों के आदिवासी प्रतिनिधि जुटेंगे। झारखंड, बिहार, ओडिशा व बंगाल समेत पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के आदिवासी संगठनों के विशिष्ट व्यक्ति संयुक्त रुप से द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन की अपील करेंगे। बेसरा ने कहा है कि यह सर्वविदित है कि भारत में करीब 20 करोड़ आदिवासी निवास करते हैं, जो 781 समुदायों में विभक्त होकर भी ‘देश के आदिवासी एक हों’ का नारा बुलंद किए हुए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि लोकसभा के अंदर विभिन्न राज्यों से कुल मिलाकर 47 आदिवासी सांसद निर्वाचित हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों के अलग-अलग विधानसभाओं में आदिवासी सुरक्षित सीटों से करीब 400 से अधिक विधायक भी निर्वाचित हैं। उनसे अपील की जाती है कि अंतरात्मा से एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना बहुमूल्य वोट देकर ना सिर्फ निर्वाचित करें, बल्कि भारत के इतिहास में पहली बार किसी आदिवासी समुदाय के संताल समाज की महिला को राष्ट्रपति बनने का एक सुनहरा गौरवशाली इतिहास रचेंगे। पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने अपील की है कि चाहे सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के, सांसद-विधायक अपनी दलगत भावना से ऊपर उठकर महिला सशक्तीकरण के साथ ही आदिवासियों के सम्मान में पहली बार इतिहास रचने वाली महिला राष्ट्रपति की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अंतरात्मा से अपना बहुमूल्य वोट देकर भारी मतों से विजय बनाएं। हूल जोहार