अब 50 रुपये में होगा घर घर से कचरा का उठाव, मानगो अक्षेस ने घटाई दर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में अब डोर टू डोर कचरा उठाव की दर घटा दी गई ह
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में अब डोर टू डोर कचरा उठाव की दर घटा दी गई है। अब एक मकान से घर जाकर कचरा उठाव के एवज में 50 रुपये महीना लिया जाएगा। पहले यह दर 100 रुपये महीना थी। लेकिन, एक मकान में अगर दो-तीन किराएदार हैं तो उनसे भी अलग-अलग शुल्क लिया जाएगा। मानगो अक्षेस के विशेष अधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने यह एलान मानगो विकास समिति की बैठक में किया है।
मानगो में बैकुंठ नगर, गुरुद्वारा रोड, मुंशी मोहल्ला, पारस नगर, आदर्श नगर, प्रहलादनगर और गौड़ बस्ती को मॉडल टाउन के रूप में विकसित करने पर मंथन चल रहा है। यहां से डोर टू डोर कचरा उठाव का काम भी शुरू कर दिया गया है। मानगो विकास समिति इन इलाकों को मिला कर मॉडल टाउन बनाना चाहती है। इसे लेकर सोमवार को मानगो विकास समिति ने बैकुंठ नगर के इंद्रा अपार्टमेंट में मंथन किया। इस मंथन में विशेष अधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता भी शामिल हुए। मानगो अक्षेस के विशेष अधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने समिति के लोगों को बताया कि मानगो नगर निगम में 36 वार्ड होंगे। इनका विकास होगा। सरकार इसके विकास के लिए तत्पर है। लोगों की समस्याओं का आकलन कर निदान किया जाएगा। जनता की ओर से जो भी समस्या बताई जाएगी, उसे तत्काल दूर करने का प्रयास किया जाएगा। मानगो अक्षेस की प्राथमिकता इलाके को साफ सुथरा रखना और लोगों को ससमय सुविधाएं मुहैया कराना है। इसमें कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में किरण सिंह, रामेश्वर सिंह, सनाउल्ला अंसारी, श्याम बिहारी सिंह, राजेश पांडेय आदि थे।