खरसावां-कुचाई मार्ग पर बाइक व कमांडर में सीधी भिड़ंत, एक की मौत Jamshedpur News
खरसावां हाट से एक कमांडर जीप सवारी ले कर खरसावां से कुचाई की ओर जा रही थी। इस दौरान सामने से आ रही बाइक की कमांडर से टक्कर हो गई।
खरसावां/जमशेदपुर (जेएनएन)। गुरुवार की शाम खरसावां - कुचाई मार्ग पर सेंट्रल सिल्क बोर्ड के कार्यालय के सामने एक कमांडर जीप व एक बाइक में सीधी भिड़ंत हो गयी। इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गयी। बाइक चालक सुनील मुंडा (30), पिता : जेनाराम मुंडा कुचाई के अरुवां पंचायत के जोड़ासरजम गांव का निवासी था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को देर शाम खरसावां हाट से एक कमांडर जीप सवारी ले कर खरसावां से कुचाई की ओर जा रही था। इस दौरान सामने से आ रही हीरो होंडा स्पेलंडर बाइक सीधे कमांडर जीप से जा टकराया। इस दुर्घटना में सुनील मुंडा के साथ साथ गुरुवारी सोय (35) व मोति मुंडा (40) भी घायल हो कर सड़क पर गिर गये। मौके पर रास्ते से गुजर रहे लोगों 108 एंबुलेंस के जरिए तीनों को खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। खरसावां सीएचसी ने डॉक्टरों ने सुनील मुंडा को मृत घोषित कर दिया।
साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुंदर लाल मार्डी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज किया। मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये तथा रोने-बिलखने लगे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच कर मामले की जानकारी ली। शव का पोष्टमाटर्म शुक्रवार को किया जायेगा। परिजनों ने बताया कि सुनील मुंडा मजदूरी करता था। गुरुवार को भी वह काम के तलाश में घर से निकला था।