DEEPAWALI : दीपावली पर अपने घर को दें खास लुक, जानिए बाजार में क्या है आपके लिए बेहतर
DEEPAWALI . दुर्गा पूजा बीत जाने के बाद अब शहर के लोग दीपावली की तैयारियों में जुट गए हैं। लोग अपने घरों की साफ सफाई के साथ साज सज्जा की भी खरीदारी करते नजर आ रहे हैं।
जमशेदपुर, जासं। DEEPAWALI दुर्गा पूजा से ही त्योहारी सीजन ने दस्तक दे दी है। पूजा बीत जाने के बाद अब शहर के लोग दीपावली की तैयारियों में जुट गए हैं। लोग अपने घरों की साफ सफाई के साथ साज सज्जा की भी खरीदारी करते नजर आ रहे हैं।
घर को नया दिखने के लिए लगाएं प्लास्टिक पेंट
एक जमाना था जब लोग घरों में चूना करवाते थे। फिर लोगों ने डिस्टेंपर को आजमाया पर आज जमाना प्लास्टिक पेंट, गोल्डन सहित वालपेपर लगा कर घर को नया रूप दे रहे हैं। साकची बाजार में एक रंग की दुकान के संचालक करण सांडिल ने बताया कि अभी बाजार में गुलाबी और क्रीम कलर की मांग ज्यादा है। इनमें ज्यादातर लोग प्लास्टिक पेंट की मांग करते हैं। साथ ही ऐसे पेंट की खरीददारी हो रही है जो टिकाऊ और आकर्षक हो। गोल्डन पेंट के साथ लाइट केसरिया रंग भी पसंद किया जा रहा है। ये दोनों पेंट वाटर और थिनर बेस दोनों ही बाजार में उपलब्ध है। करण बताते है कि प्लास्टिक पेंट में सिमोसेम की जरूरत नहीं पड़ती और पुंट्टी के बाद प्राइमर लगाकर प्लास्टिक पेंट लगा दिया जाता है। प्लास्टिक पेंट धूप और बरसात दोनों में सुरक्षित रहता है। किसका कितना मूल्य
- वाल पुंट्टी 800 रुपये बोरा
- प्लास्टिक पेंट 300 से शुरू
- चूना 60 रुपये पैकेट
- डिस्टेंपर 75 रुपये पैकेट
घर को दें नया लुक
इस दीपावली घर की सजावट के लिए के लिए बाजार सज चुका है। घर में टंगे पुराने पर्दे सोफा कवर और कुशन को लोग बदलने में लगे हैं। घर अच्छा दिखे इसलिए स्टाइलिश फर्नीचर भी खरीद रहे हैं। इस बार बाजार में स्टाइलिश फ्लोरिंग से लेकर कर्टेन, कारपेट, डाइनिंग टेबल, टेबल स्टैंड, टेराकोटा की साइड स्टैच्यू की बड़ी रेंज मार्केट में आई है। बजट के हिसाब से लोग अपने घर के इंटीरियर में बदलाव कर सकते हैं। शहर में हर शोरूम में ब्राडेड कंपनियों पर ग्राहकों को 40 से 50 फीसद छूट दी जा रही है। घर को सजाने की बात की जाए तो सबसे पहले ड्राइंग रूम से इसकी शुरूआत होती है। ड्राइंग रूम को सजाने के लिए पर्दे, सोफा कवर, सोफा कुशन के डिजाइनर पिस बाजार में उपलब्ध है। साकची के दुकानदार रजत रस्तोगी ने बताया कि लोग कम बजट में अच्छे पर्दे खोज रहे हैं। पर्दे के रंग दीवार के कंट्रॉस्ट में चल रहा है। इसमें ब्राइट कलर के पर्दे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा कैटलॉग को देखकर ग्राहक पर्दे सिलने का भी ऑर्डर दे सकते हैं। इसमें सिलाई का एक्स्ट्रा चार्ज 100 रुपय लगेंगे। पर्दे में पैचवर्क पर्दा ज्यादा पसंद किया जा रह है। इसमें फूल और पत्तियों का पैच लगा होता है।
ये है दाम
- पैचवर्क पर्दा 600 रुपये प्रति पीस
- प्लेन पर्दे के साथ बनारसी कपड़े और जयपुरी कपड़े का टचअप 1000 रुपये प्रति पीस
- नेट के पर्दे 600 रुपये प्रति पीस सामान्य पर्दे 250 से लेकर 500 तक
- सोफा कुशन सेटकुशन सेट 189 से लेकर 800 तक।
लाइटों से जगमगा उठा बाजार
दीपावली को देखते हुए शहर में अब लाइटों की दुकाने सजने लगी है। आप भी घरों की साफ सफाई के बाद घर को सजाने के लिए लाइटों के लिए विकल्प तलाश रहे होंगे। हम आपको बताते है कि बाजार में क्या कुछ नया है। म्यूजिकल लाइट ट्री
म्यूजिकल लाइट ट्री आप अपने डाइनिंग रूम में लगा सकते हैं। इसकी उंचाई लगभग तीन से चार फीट की होती है। इसे एलईडी बल्ब के साथ फूल पत्तियों से सजाया गया है। साथ ही इसमें म्यूजिक भी बजती है। बाजार में इसकी कीमत 500 रुपये से शुरू है।
एलईडी लाइट से झिलमिलाती मोमबत्ती
घर में लाइट लगाने के लिए इस बार बाजार में मोमबत्ती की तरह दिखने वाली एलईडी लाइट आई है। बाजार में इसकी कीमत 150 रुपये से शुरू है।
मल्टीकलर झालर
बाजार में इस साल झालरों के भी कई विकल्प मौजूद हैं। दूसरी लाइटों की तरह इसमें भी एलईडी का इस्तेमाल किया गया है। रंग बिरंगी रोशनी देने वाली ये झालर ज्यादा रोशनी देती है। बाजार में ये झालर आपको 80 रुपये से लेकर 500 रुपये तक मिल जाएगी। इसके साथ ही बाजार में आरजीबी 125 रुपये में, पिक्सल 60 रुपये में उपलब्ध है।
बर्तन बाजार
इस बार बर्तन बाजार में नॉन स्टिक बर्तनों की मांग ज्यादा है। साकची के बर्तन दुकान के संचालक हरीश ने बताया कि लोग अभी से ही खरीदारी करने निकल गए हैं। इस साल बाजार में नन स्टिक बरतन उपलब्ध हैं। साथ ही लोग प्रेशर कुकर भी खरीदते हैं। खाना गर्म रखने के लिए हॉटकेश, थरमस, हीटर, इंडक्शन भी बाजार में उपलब्ध है। साथ ही रोटी मेकर भी महिलाओं की पहली पसंद है।