चाकुलिया ने हाथियों ने नष्ट कर दी धान की फसल, अब वन विभाग से मुआवजा की मांग
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डाॅ दिनेशानंद गोस्वामी ने प्रखंड के श्यामसुंदरपुर पंचायत अंतर्गत दूधियासोल गांव का दौरा कर जंगली हाथियों द्वारा धान की फसल की गई क्षति का जायजा लिया। उन्होंने चाकुलिया के रेंजर अशोक सिंह से नुकसान की भरपाई करने का आग्रह किया।
चाकुलिया: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डाॅ दिनेशानंद गोस्वामी ने प्रखंड के श्यामसुंदरपुर पंचायत अंतर्गत दूधियासोल गांव का दौरा कर जंगली हाथियों द्वारा धान की फसल की गई क्षति का जायजा लिया।
वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद उन्होंने चाकुलिया के रेंजर अशोक सिंह से विगत दिनों हाथियों के झुंड द्वारा किए गए नुकसान के एवज में किसानों को मुआवजा दिलवाने का आग्रह किया।
डाॅ गोस्वामी ने कहा कि किसानों ने कड़ी परिश्रम कर धान का फसल उपजाया। परन्तु धान कटनी के पूर्व ही गजराजों के दल ने किसानों के फसल को नष्ट कर डाला। लंबे समय से चाकुलिया तथा बहरागोड़ा के किसान हाथियों के उत्पात को लेकर दहशत में हैं । ग्रामीणों का कहना है कि हर साल हाथियों द्वारा धान की फसल का नुकसान किया जाता है। वन विभाग के पास जाने से वह मुआवजा देने में आनाकानी करने लगते हैं। वन विभाग के अधिकारी स्थल का मुआयना तो कर लेते हैं, लेकिन आगे की कार्रवाई नहीं करना चाहते। ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ रोष देखा जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता दिनेशानंद गोस्वामी ने रेंजर से हाथियों के झुंड को दलमा भेजने की ब्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भटके हुए हाथियों के झुंड के उत्पात से लोगों को निजात दिलाने के लिए वन विभाग सक्रिय रहे। गोस्वामी के साथ नुकसान का मुआयना करने श्यामसुन्दरपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष बाघराय मान्डी, महामंत्री दुर्गा पद गिरि, भाजयुमो नेता विश्वनाथ सोरेन, गोपीनाथ हाँसदा, दुर्गा पद मुंडा, किसान छोटू हाँसदा, लच्छू मुर्मू, अजीत सिंह, कांचन सिंह, दाशरथी सिंह, भीम टुडु, रामचन्द्र बेसरा आदि शामिल थे ।