झारखंड का पहला डिजिटल गांव हीराचुनी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड के बेलाजुड़ी पंचायत का गांव हीराचुनी झारखंड
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड के बेलाजुड़ी पंचायत का गांव हीराचुनी झारखंड का पहला डिजिटल गांव बनने जा रहा है। हफ्ते भर के अंदर यहां के सभी परिवारों के मुखिया की अपनी ईमेल आइडी होगी। साथ ही इनका वाट्सएप ग्रुप भी होगा। डिजिटल हीराचुनी नाम का एक फेसबुक पेज भी बनाया गया है। यही नहीं, हीराचुनी गांव के नाम से एक वेबसाइट भी बनाई जा रही है जिस पर गांव के लोग अपना ब्लॉग लिखेंगे।
गांव को सोशल मीडिया पर अपडेट रखने की जिम्मेदारी यहां पहले से बने यूथ ब्वॉयज क्लब को दी गई है। यह क्लब ऑनलाइन गतिविधियों में काफी आगे है। 95 फीसद साक्षरता वाले इस गांव में तकरीबन 75 फीसद घरों में स्मार्ट फोन हैं। शेष लोग भी प्रशासन की इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए हफ्ते भर में स्मार्ट फोन खरीद रहे हैं। इस गांव को डिजिटल बनाने की कवायद मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस में तैनात उप समाहर्ता संजय पांडेय ने कई दिनों पहले शुरू की थी। इसके लिए उन्होंने काफी तैयारी की थी। रविवार को उप समाहर्ता संजय कुमार पांडेय कर्मचारियों के साथ गांव पहुंचे। गांव में ग्राम सभा कराई गई और उसमें तय हुआ कि गांव को डिजिटल बनाया जाएगा। ग्राम प्रधान, मुखिया प्रतिनिधि, पूर्व मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, प्रज्ञा केंद्र संचालक, स्थानीय पारा शिक्षक तथा ग्रामीण युवाओं के बीच फैसला हुआ कि हर परिवार से एक प्रमुख सदस्य के नाम की ईमेल आइडी होगी और वाट्सएप नंबर होगा। सबसे पहले उप समाहर्ता संजय पांडेय ने ग्राम प्रधान की आइडी बनाई। यह आइडी हीराचुनी डॉट ग्राम प्रधान के नाम से जीमेल पर बनी है। गांव के सभी लोगों की आइडी के पहले हीराचुनी का नाम रखा गया है। इसके बाद व्यक्ति का नाम आता है। रविवार को 15 परिवारों के मुखिया की आइडी तैयार कर ली गई है। साथ ही 45 घरों के आंकड़े ले लिए गए हैं। 300 की आबादी और 60 घरों वाले इस गांव में ईमेल आइडी बनाने का काम हफ्ते भर चलेगा। बचे हुए लोगों की आइडी बनाने का काम प्रज्ञा केंद्र संचालक अशोक महतो और यूथ ब्वॉयज क्लब को सौंपा गया है। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने खुद अहद किया कि जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं हैं, वे जल्द ही इसे खरीद लेंगे। उपसमाहर्ता ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए चलाया जा रहा है।
-------
गांव में बढि़या कनेक्टिविटी है
हीराचुनी गाव के चयन के पीछे कारण
जमशेदपुर प्रखंड के अन्तर्गत हिराचुनी गाव बीएसएनएल, एयरटेल, आइडिया, रिलायंस फोर जी, रिलायंस जियो आदि का बढि़या नेटवर्क है। यहां के 90 फीसद से ज्यादा युवा पहले से ही सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। ये युवा इंटरनेट भी जानते हैं।