Udta Adityapur : अब कसेगी ड्रग्स माफियाओं की नकेल, डीजीपी और डीआइजी ने एसपी को दिए कार्रवाई के आदेश Jamshedpur News
Udta Adityapur. यह नशा समाज के युवा वर्ग को पूरी तरह से बर्बाद कर देता है। जिसके कारण युवा वर्ग अपराध की दुनिया में कदम रखने के लिए मजबूर होते हैं।
By Rakesh RanjanEdited By: Published: Sun, 28 Jun 2020 10:59 AM (IST)Updated: Sun, 28 Jun 2020 10:59 AM (IST)
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाने की नाक के नीचे गली-मुहल्ले में चल रहे ड्रग्स के धंधे को लेकर प्रदेश पुलिस मुख्यालय गंभीर हुआ। पुलिस महानिदेशक एमवी राव और कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सरायकेला एसपी मो. अर्शी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जिसके बाद ड्रग्स माफिया को संरक्षण देने वाली पुलिस में खलबली हैं। अब देखना ये है कि पुलिस माफिया पर कार्रवाई करती है या माफिया के इशारे पर नाचती है।
गौरतलब है कि दैनिक जागरण ने इलाके में चल रहे ड्रग्स के धंधे के विरुद्ध विशेष अभियान चला रखा है। आदित्यपुर में किशोरी की अपहरण के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद से लगातार पांच दिन से धंधे से जुड़ी खबरें प्रकाशित की जा रही हैं। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंहभूम की कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा, झारखंड प्रदेश के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन और आम आदमी पार्टी के नेता सह पूर्व सांसद अजय कुमार ने ब्राउन शुगर का धंधा आदित्यपुर में बंद कराने को कहा। ऐसा नहीं करने पर सरकार से शिकायत करने की चेतावनी भी दी है। वहीं कई सामाजिक संगठनों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
भाजपा ने खोला मोर्चा
जमशेदपुर महानगर भाजपा के प्रवक्ता अंकित आनंद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पुलिस महानिदेशक और कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन सिंह को ट्वीट कर धंधे से जुड़ी खबर की जानकारी दी। कहा कि थाना के नाक के नीचे ड्रग्स का धंधा संचालित होना चिंतनीय है। सांसद और और मंत्री तक की बातों को पुलिस अनुसनी कर रही है। भाजपा नेता देवेंद्र सिंह ने धंधा बंद कराने को लेकर मुख्यमंत्री को ट्विटर पर ट्वीट किया। बताया कि पुलिस की ड्रग्स माफिया पर मेहरबानी है। माफिया का संबंध सफेदपोश नेताओं से पुलिस अधिकारियों तक है।
ब्राउन शुगर कारोबार हर हाल में हो बंद : बन्ना
सालडीह बस्ती में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार मृत किशोरी के परिजन के आवास पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने आरक्षी अधीक्षक मोहम्मद अर्शी को निर्देश दिया कि हर हाल में ब्राउन शुगर के कारोबार पर रोक लगाई जाए। मंत्री ने कहा कि उनको इस तरह के नशे के कारोबार की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि यह नशा समाज के युवा वर्ग को पूरी तरह से बर्बाद कर देता है। जिसके कारण युवा वर्ग अपराध की दुनिया में कदम रखने के लिए मजबूर होते हैं। इसको लेकर जल्द से जल्द इस कारोबार को समाप्त करें। आरक्षी अधीक्षक मोहम्मद अर्शी ने मामले में कारवाई करने की बात कही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें