देवघर के व्यापारियों से रंगदारी मांगने वाले 2 अपराधी जमशेदपुर से गिरफ्तार, पिस्तौल व कारतूस बरामद
देवघर में व्यापारियों से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में फरार चल रहे दो ...और पढ़ें

देवघर पुलिस ने साकची थाना पुलिस के सहयोग से साकची स्थित काशीडीह टीओपी के पीछे एक खाली कंपनी क्वार्टर में छापेमारी कर दोनों को दबोचा।
HighLights
गिरफ्तार अपराधियों से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद।
दोनों हत्या के मामले में उम्रकैद की सजायाफ्ता थे।
जासं, जमशेदपुर। देवघर में अस्थायी मेला दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों से रंगदारी वसूलने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
देवघर पुलिस ने साकची थाना पुलिस के सहयोग से साकची स्थित काशीडीह टीओपी के पीछे एक खाली कंपनी क्वार्टर में छापेमारी कर दोनों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर के लक्ष्मीचरण द्वारी लेन निवासी गौरव झा और चक्रवर्ती लेन निवासी निहाल मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जुलाई माह से इस खाली क्वार्टर में छिपकर रह रहे थे।
विक्रम की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रंगदारी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले हरिहरबाड़ी निवासी विक्रम कुमार चौरसिया को गिरफ्तार किया था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर विक्रम ने गौरव और निहाल के जमशेदपुर स्थित ठिकाने का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साकची में घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर श्मशान घाट परिसर की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक पिस्तौल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
हत्या के मामले में उम्रकैद की सजायाफ्ता हैं दोनों
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि गौरव झा और निहाल मिश्रा तीन साल पुराने एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुके हैं।
वर्तमान में दोनों अदालत से जमानत पर बाहर चल रहे थे और जमानत अवधि के दौरान ही दोबारा अपराध में लिप्त हो गए।
50 हजार की मांगी थी रंगदारी
एसपी ने बताया कि शिवगंगा और आसपास के इलाकों में ये अपराधी दुकानदारों को हथियार का भय दिखाकर मारपीट, छिनतई और रंगदारी वसूलते थे।
हाल ही में इन्होंने एक कारोबारी से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसमें से 13 हजार रुपये वसूल भी लिए थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके पास मौजूद हथियारों के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
