परिजन पहुंचे अस्पताल तो खिसक गई पैरों तले जमीन, यूं बरपा हंगामा Jamshedpur News
जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन इसे हत्या बता रहे हैं जबकि खटाल संचालक छत से गिरने से मौत बता रहा है। इस पर हंगामा हुआ।
जमशेदपुर, जेएनएन। जमशेदपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक एक खटाल में काम करता था। खटाल संचालक का कहना है कि युवक रात में छत से गिर गया था। इस वजह से उसकी मौत हो गई। जबकि परिजनों को यह बात हजम नहीं हुई। उनका कहना रहा कि युवक की हत्या कर दुर्घटना की कहानी रची गई। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों में अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
जिस युवक की मौत हुई वह राहरगोड़ा का निवासी था और बागबेड़ा थाना इलाके के हरहरगुट्टू में काम करता था। 26 वर्षीय युवक विनोद कुमार यादव श्याम प्रसाद खुल्लर की खटाल में काम करता था। खुल्लर का कहना है कि विनोद सोमवार की रात एक बजे छत से गिर गया। जैसे ही जानकारी मिली उन्होंने तत्काल विनोद को एमजीएम अस्पताल में में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह 8 बजे उसकी मौत हो गई। खुल्लर ने बताया कि विनोद के परिजनों को दुर्घटना की सूचना समय पर दे दी गई थी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इधर, अस्पताल में हंगामा कर रहे परिजनों का आरोप था कि मंगलवार सुबह पांच बजे उन्हें सूचना दी गई कि विनोद बीमार है और उसकी हालत ठीक नहीं है । वह अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है। सूचना के बाद वे दौड़े-दौड़े सात बजे अस्पताल पहुंचे तो विनोद की लाश मिली। इस बात पर विनोद के परिजनों और खटाल संचालक खुल्लर के बीच नोंकझोंक भी हुई। परिजन हत्या का आरोप लगाते रहे। उनका तर्क रहा कि अगर विनोद छत से गिर गया था तो यह बात पहले उन्हें क्यों नहीं बताई गई।
पुलिस ने समझाकर किया शांत
बहरहाल, हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर हंगामा शांत किया। विनोद के परिजनों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी शिकायत पर संजीदगी से गौर किया जाएगा और मामले में जो भी सही तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। अगर खटाल संचालक कसूरवार मिले तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।