चाईबासा में वृद्धा की हत्या के बाद कुआं में फेंका शव Jamshedpur News
हत्या के पीछे डायन होने का अंधविश्वास या घर को हथियाने की नीयत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
चाईबासा/जमशेदपुर (जेएनएन)। कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंडावीर बेकेरगुटू निवासी 60 वर्षीया सुखमति गोप का शव गांव स्थित पक्का कुआं से रविवार को पुलिस ने बरामद किया है।
वृद्धा की किसी अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव को छुपाने की नीयत से कुएं में फेंक दिया था। मृतिका के कान एवं आंख के बगल गहरे जख्म के निशान हैं। वहीं उनके निजी अंग को भी काफी चोट पहुंचाई गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस मामले की तहकीकात में लगी है। वृद्धा की हत्या डायन के आरोप में या घर बाड़ी को हथियाने की नियत से हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
अपने घर में अकेली रहती थी वृद़धा
बताया गया कि मृतका अपने घर में अकेले रहती थी। उसकी सभी बहनों की शादी अन्यत्र हो गई। सबसे छोटा भाई घर में नहीं रहता है। वृद्धा अपना जीविका चलाने के लिए घर में हाड़ियां बेचने का काम करती थी। वृध्दा गुरुवार रात से गायब थी। शुक्रवार को सुबह जब ग्रामीण वृद्धा के घर हड़िया पीने के लिए गए तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है। घर में कोई नहीं है। काफी देर तक वेट करने के बाद भी जब नहीं मिली तो लागिया में रहने वाले उनके संबंधियों को इसकी सूचना दी गई। जब मृतिका के संबंधी शनिवार को पंडावीर गांव पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि वृद्धा का शव ससंगगुटू जानेवाली पथ स्थित पक्का कुआं में फेका हुआ है। तब इसकी सूचना में मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी गई।
दूसरे दिन निकाला जा सका शव
मुफस्सिल थाना पुलिस शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचकर शव को निकालने का प्रयास किया लेकिन शाम होने के कारण शव को बाहर नहीं निकाला जा सका। वहीं दूसरे दिन रविवार को पुलिस पुनः घटना स्थल पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला और सदर अस्पताल मे पोस्टमार्टम कराया। हत्या के 3 दिन बाद शव बरामद होने के कारण शव फुल गया है और बदबू आने लगी है।