विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दसवीं की परीक्षा से पहले ही 11वीं के एडमिशन की तैयारी: डीएवी स्कूल ने शुरू की प्रक्रिया, 21 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 14 Oct 2026 07:00 AM (IST)

जमशेदपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 11वीं कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया दसवीं की परीक्षा से पहले ही शुरू कर दी है।

दसवीं के वास्तविक अंक आने के बाद संकाय बदलने की स्थिति में विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है।

दसवीं के वास्तविक अंक आने के बाद संकाय बदलने की स्थिति में विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है।

HighLights

  1. डीएवी स्कूल बिष्टुपुर में 11वीं के आवेदन शुरू।

  2. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर।

  3. प्रवेश परीक्षा 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे।

जासं, जमशेदपुर। शहर के निजी विद्यालयों में भले ही अभी दसवीं की परीक्षाएं शुरू भी नहीं हुई हैं, लेकिन आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 11वीं कक्षा में नामांकन की प्रक्रिया अभी से आरंभ हो गई है। 
 
इसकी शुरुआत करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर ने 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
 

आवेदन की तिथियां और शुल्क 

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, 11वीं में दाखिले के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये निर्धारित किया गया है, जो वापस नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तय की गई है। 
 
इसके बाद, आगामी 21 नवंबर को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। फिलहाल शहर में डीएवी स्कूल ने ही यह प्रक्रिया शुरू की है। 
 
उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य निजी स्कूल भी अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में आवेदन प्रक्रिया शुरू करेंगे। इससे विद्यार्थियों को दसवीं की बोर्ड परीक्षा और परिणाम आने से पहले ही अगली कक्षा की दाखिला प्रक्रिया से गुजरना होगा।
 

प्रोविजनल नामांकन और संकाय चयन की दुविधा 

शहर के कई निजी विद्यालय दसवीं का परिणाम घोषित होने से पहले ही विद्यार्थियों का प्रोविजनल (अस्थाई) नामांकन ले लेते हैं। इसके तहत विद्यार्थियों को विज्ञान, वाणिज्य या कला संकाय में जगह दी जाती है। 
 
हालांकि, दसवीं के वास्तविक अंक आने के बाद संकाय बदलने की स्थिति में विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है।
 
यदि कोई छात्र विज्ञान संकाय में नामांकन लेता है और बोर्ड परीक्षा में उसके अंक स्कूल के मानदंडों के अनुरूप नहीं आते, तो उसे दूसरे संकाय में जाना पड़ सकता है। 
 
वहीं, वाणिज्य में प्रोविजनल दाखिला लेने के बाद बेहतर अंक आने पर भी विज्ञान संकाय में बदलाव करना आसान नहीं होता। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए शुरुआती चरण में ही संकाय का सही चयन करना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।