विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO : दलमा में भीषण गर्मी में दिनभर पानी में अठखेलियां करता है नन्हा हाथी 'बादल', हथिनी 'रजनी' के साथ जमी जोड़ी

Published: Mon, 25 May 2026 08:50 PM (IST)Updated: Mon, 25 May 2026 09:24 PM (IST)

जमशेदपुर के दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में नन्हा हाथी 'बादल' पर्यटकों का मुख्य आकर्षण बन गया है। वह अपनी चंचलता, ...और पढ़ें

दलमा में जलक्रीड़ा करते बादल शिशु हाथी।

दलमा में जलक्रीड़ा करते बादल शिशु हाथी।

HighLights

  1. नन्हा हाथी 'बादल' दलमा में पर्यटकों का मुख्य आकर्षण।

  2. फुटबॉल खेलता और पानी में मस्ती करता है 'बादल'।

  3. मादा हाथी 'रजनी' संग उसकी जोड़ी ने बढ़ाया पर्यटन।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। हाथियों के प्राकृतिक आवास के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध जमशेदपुर का दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी (Dalma Wildlife Sanctuary) इन दिनों एक बेहद खास वजह से पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है। यहां का नन्हा हाथी ‘बादल’ अपनी शरारती अंदाज से इन दिनों हर किसी का दिल जीत रहा है। 
 
कभी फुटबॉल से खेलते तो कभी पानी में डुबकी लगाते बादल को करीब से देखने के लिए दलमा में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर बच्चों के बीच यह नन्हा मेहमान बेहद लोकप्रिय हो चुका है।
 

बेहद कमजोर स्थिति में रेस्क्यू कर लाया गया था दलमा

उल्लेखनीय है कि नन्हे हाथी 'बादल' को दिसंबर 2025 में कोल्हान क्षेत्र के पोड़ाहाट जंगल से बेहद कमजोर और लाचार स्थिति में रेस्क्यू कर दलमा लाया गया था। उस समय उसकी जान पर बन आई थी। 
 
हालांक‍ि दलमा वन विभाग की विशेष मेडिकल टीम और समर्पित महावतों की चौबीसों घंटे की देखरेख का ही असर है कि वह अब पूरी तरह स्वस्थ, सक्रिय और चंचल हो चुका है।
 

महावतों के साथ गहराया अनोखा रिश्ता 

बादल की चौबीसों घंटे देखभाल के लिए वन विभाग ने दो अनुभवी महावतों को जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य महावत बुधू सिंह ने बताया कि वे बादल के साथ साए की तरह रहते हैं। उसे समय पर पोषण युक्त खाना खिलाने, नहलाने और उसके साथ खेलने तक की पूरी जिम्मेदारी वे खुद निभाते हैं।

 
महावत बुधू सिंह के अनुसार, बादल अब काफी समझदार हो चुका है। उसे जब भी 'बादल' नाम लेकर पुकारा जाता है, तो वह तुरंत अपनी सूंड उठाकर या खास आवाज निकालकर प्रतिक्रिया देता है। वह अपने महावतों के स्पर्श और आवाज को बहुत अच्छी तरह पहचानने लगा है।


भीषण गर्मी में दिनभर पानी और फुटबॉल से मस्ती 

झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बादल दिनभर में कम से कम तीन से चार बार पानी में उतरकर नहाता है। दलमा के मकुलाकोचा चेक नाका स्थित हिरण पार्क के ठीक सामने बनाए गए चेकडैम में वह घंटों पानी में अठखेलियां करता है। 
 
नहाने के बाद वह मैदान पर आकर पर्यटकों के सामने फुटबॉल खेलता है और कई मजेदार करतब दिखाता है, जिसे देखकर यहां आने वाले सैलानी रोमांचित हो उठते हैं। वर्तमान में बादल को दलमा की ही मशहूर मादा हाथी ‘रजनी’ के साथ एक बड़े शेड में रखा जा रहा है। 
 
इन दोनों हाथियों (रजनी और बादल) की अनोखी जुगलबंदी और मातृत्व भरे रिश्ते को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग दलमा पहुंच रहे हैं। वन विभाग के अनुसार, बादल की मौजूदगी ने दलमा के पर्यटन को एक नया जीवन दे दिया है।

बादल अब यहां के वातावरण में पूरी तरह ढल चुका है और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। वन विभाग को उम्मीद है कि बादल आने वाले दिनों में दलमा पर्यटन की नई पहचान बनेगा।

-

- सबा आलम अंसारी, डीएफओ दलमा