बंधक बना डकैती, पांच के बाद तीन और हुए गिरफ्तार
बागबेड़ा कॉलोनी निवासी किराना दुकानदार अशोक शर्मा को बंधक बनाकर डकैती के मामले में पांच की गिरफ्तारी के बाद तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) बागबेड़ा कॉलोनी निवासी किराना दुकानदार अशोक शर्मा को बंधक बना डकैती करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों के बाद पुलिस ने तीन अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। पुलिस टीम ने शनिवार को ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे की गई पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के और तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। सदस्यों से पूछताछ में पुलिस टीम को जानकारी मिली कि गिरोह ने राची समेत शहर के बिरसानगर, सोनारी, कदमा और जुगसलाई में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
घुसते थे चोरी करने, अगर गृहस्वामी जागे तो बना लेते थे बंधक
पुलिस को गिरोह के सदस्यों ने बताया कि रेकी कर घटना को अंजाम देते थे। घर में चोरी करने घुसते थे इस दौरान अगर गृहस्वामी जाग जाता या फिर शोर मचाने की कोशिश करते थे तो उन्हें बंधक बना लिया जाता था। इसके बाद पिस्तौल का भय दिखा डकैती कर निकल जाते थे। किराना दुकानदार अशोक शर्मा के घर चोरी करने घुसे थे। विरोध पर उसे बंधक बना लिया। करीब 10 लाख रुपये लूट लिए गए।
गिरोह के सदस्य जुआ खेलने के आदी
गिरोह के सदस्यों के पास चोरी व डकैती से हासिल रुपये पुलिस के हाथ नही लग पाए है। सदस्यों ने पुलिस को बताया कि वे लोग जुआ खेलने के आदी है। सारे रुपये जुआ में हार गए। मालूम हो कि पुलिस टीम ने शंभू, अभिषेक, गोलू, धमेंद्र समेत आठ को गिरफ्तार किया है।