झारखंड में चक्रवात 'अर्णव' का असर: पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के अलर्ट के बाद स्कूल बंद
मौसम विज्ञान केंद्र के ऑरेंज अलर्ट और चक्रवात 'अर्णव' के खतरे को देखते हुए झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी ...और पढ़ें

यह अवकाश 28 और 29 अक्टूबर को नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों के लिए रहेगा, हालांकि शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।
HighLights
चक्रवात 'अर्णव' के कारण कोल्हान में ऑरेंज अलर्ट।
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम में स्कूल बंद।
28 और 29 अक्टूबर को छात्रों के लिए अवकाश घोषित।
जाटी, जमशेदपुर/चाईबासा। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर झारखंड के कोल्हान प्रमंंंडलल के जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
चक्रवात 'अर्णव' के संभावित खतरे को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत उपायुक्तों के अनुमोदन व निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में दो और एक दिन का अवकाश
पूर्वी सिंहभूम जिले में नर्सरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं में 28 और 29 अक्टूबर को पठन-पाठन पूरी तरह स्थगित रहेगा। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों पर लागू होगा।
इसी प्रकार, सरायकेला-खरसावां जिले में भी जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 28 अक्टूबर को सभी कोटि के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पूर्व से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां प्रबंधन परीक्षा आयोजित करने को लेकर अपने स्तर पर स्वतंत्र निर्णय ले सकेगा।
इसके अलावा, विद्यार्थियों के लिए भले ही अवकाश घोषित किया गया हो, लेकिन सभी सरकारी व निजी स्कूलों के शिक्षकों को निर्धारित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।
इस दौरान शिक्षक गैर-शैक्षणिक कार्य निपटाएंगे। सरकारी शिक्षकों के लिए 'ई-विद्यावाहिनी पोर्टल' पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना भी अनिवार्य किया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम में भी दो दिनों तक शैक्षणिक गतिविधियां बंद
चक्रवात 'अर्णव' के प्रभाव और मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में भी दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है।
उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेंगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही, आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। बच्चों को जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और जोखिमपूर्ण स्थानों से दूर रखने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
