राजस्थान के सीआरपीएफ जवान की हार्ट अटैक से मौत, छुट्टी से लौटने के दो दिन बाद ही तोड़ा दम
जमशेदपुर में सीआरपीएफ 193 बटालियन के जवान इंद्रजीत सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे दो दिन पहले ...और पढ़ें

मंगलवार को एमजीएम अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी गई।
HighLights
छुट्टी से लौटने के दो दिन बाद ड्यूटी पर मौत।
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। राजस्थान के रहने वाले और मुसाबनी स्थित सीआरपीएफ (CRPF) 193 बटालियन में तैनात जवान इंद्रजीत सिंह (41) का सोमवार रात अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया।
वे महज दो दिन पहले ही अपने पैतृक गांव से वापस लौटकर ड्यूटी पर तैनात हुए थे। जवान के इस असामयिक निधन से पूरी बटालियन में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी ज्वाइन करते ही अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत सिंह मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के अपने पैतृक गांव के रहने वाले थे। वे अपनी छुट्टियां बिताकर दो दिन पहले ही मुसाबनी लौटे थे।
रविवार को उन्होंने अपने एक रिश्तेदार के घर समय बिताया था और सोमवार को ही आधिकारिक रूप से अपनी ड्यूटी ज्वाइन की थी।
सोमवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। साथी जवान उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम (MGM) अस्पताल लेकर पहुंचे।
हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
एमजीएम में दी गई सलामी, पार्थिव शरीर राजस्थान रवाना
मंगलवार को एमजीएम अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और साथी जवानों की मौजूदगी में स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी गई।
अधिकारियों और साथियों ने उन्हें अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई दी। सलामी के उपरांत जवान के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव हनुमानगढ़ (राजस्थान) के लिए रवाना कर दिया गया।
सीआरपीएफ 193 बटालियन के सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
