पत्नी के हत्यारे को उम्रकैद की सजा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर मंगलवार को कोर्ट ने बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी के मनोज महतो उ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मंगलवार को अदालत ने बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी के मनोज महतो उर्फ मनोज डोमर को उम्रकैद की सजा सुनाई। उसे 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मनोज ने दहेज में बाइक न मिलने पर 2015 में पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी।
आरोपित मनोज महतो ने दहेज में बाइक नहीं मिलने पर पत्नी राखी मुखी की हत्या कटारी से काटकर की थी। वह ससुराल से दोबारा बाइक की मांग कर रहा था। मामले में मृतका की मां बिंदु मुखी ने मामला दर्ज कराया था। थाने में दर्ज बयान के मुताबिक राखी की शादी मनोज महतो के साथ 2009 में हुई थी। जिसमें एक बाइक समेत अन्य जरूरी सामान उसे दिए गए थे। शादी के तीन माह बाद ही पति मनोज महतो व सास शांति देवी राखी को प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच वह गर्भवती हो गई और अपने मायके आ गई। मायके में बच्चा जनने के कुछ दिन बाद मायके वालों ने उसे ससुराल पहुंचा दिया। इधर, दहेज में मिली बाइक को पति ने बेच दिया था। जब राखी ससुराल पहुंची तो वह फिर से बाइक की मांग करने लगा। इन्कार करने पर वे लोग उसे प्रताड़ित करते थे। अचानक एक दिन मनोज ने अपने साले को फोन कर बताया कि उसकी बहन मर गई है। सूचना पर जब वे लोग वहां पहुंचे तो देखा राखी अपने कमरे में मरी पड़ी है और उसके गर्दन में कटारी धंसा है, चारों ओर खून छींटे बिखरे हैं।