अफवाह सीएम को हटाने की साजिश : कमाल खान
जमशेदपुर : राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन कमाल खान ने कहा कि सोची समझी साजिश के तहत बच्चा चोर की अफवाह फैलाई गई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन कमाल खान ने कहा कि सोची समझी साजिश के तहत बच्चा चोर की अफवाह उड़ाई जा गई। इसकी आड़ में कोल्हान को जलाने का प्रयास किया गया, ताकि हंगामा ज्यादा हो और मुख्यमंत्री रघुवर दास को पद छोड़ना पड़े।
खान गुरुवार को यहां परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीएम को हटाने के लिए ही यह साजिश रची गई। इसमें कौन-कौन लोग या संगठन शामिल थे, इसका पर्दाफाश सही समय पर किया जाएगा। वैसे आयोग इस संबंध में सीधे मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट देगा। उन्होंने कहा कि षड़यंत्र में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। राज्य हित में कुछ कठोर फैसले लिए गए हैं। स्थानीय नीति का मुद्दा काफी दिनों से लटका हुआ था। सीएम ने इस मामले का निपटारा कर दिया है। मुख्यमंत्री की सफलता व उपलब्धियों को देखते हुए ही कुछ लोगों ने एक वर्ष पूर्व रांची को अशांत करने का प्रयास किया था। अब बच्चा चोर अफवाह की आड़ में कोल्हान को अशांत करने का प्रयास किया गया। इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि दोषी बख्शे नहीं जाएं। साथ ही इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई निर्दोष न पकड़ा जाए। अल्पसंख्यक आयोग की टीम दो दिनों से पूरे कोल्हान क्षेत्र के दौरे पर है। टीम ने राजनगर के शोभापुर में भी जाकर हालत का जायजा लिया है। ग्रामीणों व शांति समिति के सदस्यों के साथ भी उन्होंने बैठक की है। और शांति व्यवस्था बहाल करने में हर संभव सहयोग करने का अनुरोध किया है। आयोग सभी बिंदुओं पर जांच कर रहा है।