गुम हो गया लाल सितारा, CPI नेता कॉमरेड सलीम नहीं रहे Jamshedpur News
सुप्रसिद्ध वामपंथी नेता कॉमरेड सलीम का निधन हो गया। जमशेदपुर के सलीम मजदूर राजनीति के आधार स्तंभ माने जाते थे। उनके निधन से शोक की लहर दौड़ गई है।
जमशेदपुर, जेएनएन। एक और लाल सितारा गुम हो गया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी CPI के वरिष्ठ नेता कॉमरेड सलीम इस दुनिया में नहीं रहे। 81 वर्षीय सलीम ने गुरुवार सुबह 10 बजे अंतिम सांस ली।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के सहायक सचिव अंबुज कुमार ने बताया कि कॉमरेड सलीम ने अपने जमशेदपुर आवास पर अंतिम सांस ली। आजीवन अविवाहित रहने का फैसला कर पार्टी के पूरावक्ती साथी रहे सलीम का जनाजा गुरुवार को बारह बजे अंतिम प्रार्थना के लिए साकची स्थित आमबगान पहुंचेगा। वहां जनाजे की नमाज के बाद उन्हें साकची कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
केदार दास के रहे थे सहयोगी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और एटक की सिंहभूम जिला परिषद के वरिष्ठ नेता सलीम ने अपनी पूरी जिंदगी मजदूरों और मजलूमों के हक की लड़ाई में गुजार दी। डॉ केदार दास के साथ इंजीनियर मजदूरों की लड़ाई में वे सक्रिय रहे थे। 1981 में ठेकेदार मजदूरों के आंदोलन की उन्होंने अगुवाई की थी। 81 वर्षीय सलीम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की सिंहभूम जिला परिषद के सचिव तथा एटक की राज्य व राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी रहे।