Jamshedpur coronavirus Update : जमशेदपुर में सात,चाईबासा दो और सरायकेला में एक-एक कोरोना पॉजिटिव, जाने ताजा हाल
coronavirus Update.झारखंड के कोल्हान प्रमंडल में कोरोना संक्रमितों की तादात बढ़ती ही जा रही है। प्रमंडल में रविवार को 10 कोरोना पॉजिटिव मिले।
जमशेपुर/चाईबासा, जासं। coronavirus Update झारखंड के कोल्हान प्रमंडल में कोरोना संक्रमितों की तादात बढ़ती ही जा रही है। प्रमंडल में रविवार को दस कोरोना पॉजिटिव मिले। पूर्वी सिंहभूम में सात जबकि पश्चिमी सिंहभूम में दो और सरायकेला-खरसावां जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
पश्चिमी सिंहभूम का कोरोना पॉजिटिव जराईकेला का रहनेवाला है। महाराष्ट्र से लौटने के बाद उसे कॉमर्स कॉलेज में बनाए गए सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। स्वाब का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। रविवार को आई रिपोर्ट में वह व्यक्ति पॉजिटिव निकला। इसके बाद उसे तत्काल चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के कोविड सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। दूसरा पॉजिटिव जगन्नाथपुर का है। वह भी प्रवासी है। जगन्नाथपुर में यह पहला केस है।
शनिवार को मिले थे पांच कोरोना पॉजिटिव
श्चिमी सिंहभूम में शनिवार यानी छह जून को पांच कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम में आठ और सरायकेला-खरसावां जिले में एक यानी कोल्हान में कुल 14 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। पश्चिमी सिंहभूम में कोराना पॉजिटिव पाए गए चक्रधरपुर अनुमंडल इलाके के बंदगांव प्रखंड के नकटी पंचायत भवन में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए थे। सभी महाराष्ट्र से लौटे थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सबों को चक्रधरपुर रेल अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया गया।
पूर्वी सिंहभूम में सात कोरोना पॉजिटिव की हुई पहचान
पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को सात कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की पहचान हुई है। सभी की ट्रेवल हिस्ट्री है तथा पूर्व में ही संस्थागत क्वारंटाइन में रखे गए थे। कोरोना पॉजिटिव के रूप में पहचान होने पर संक्रमितों को कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। पूर्वी सिंहभूम में पाए गए कोरोना पॉजिटिव में डुमरिया, धालभूमगढ़, साकची, आजादनगर और बर्मामाइंस के एक- एक तथा दो न्यू बारीडीह के हैं। प्रशासन ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि कोरोना वायरस के संभाव्य प्रसार को रोकने में जिला प्रशासन का सहयोग करें- अनावश्यक अपने घरों से बाहर ना निकलें, मास्क का प्रयोग करें, नियमित हाथों को साबुन से धोयें या सैनिटाइजर का प्रयोग करें, यत्र-तत्र न थूकें तथा सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन करें।
सरायकेला का पॉजिटिव कपाली का
सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली में रविवार को एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। उक्त कोरोना पॉजिटिव पाया गया मरीज मुंबई से आया था।डीसी ए डोडे ने बताया कि मजदूर 30 मई को वापस आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जून को सैम्पल लेकर जांच के लिए एमजीएम भेजा गया था जहां से सात जून को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आया है। उक्त युवक को जांच के पश्चात अलकबीर पॉलिटेक्निक में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। डीसी ने बताया कि कोरोना पॉजीटिव मरीज की सूचना पर मेडिकल टीम क्वारंटाइन सेंटर पहुंची और मरीज को पूरी सुरक्षा के साथ लेकर टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 22 हो गयी है।