Coronavirus Jharkhand Update: कोल्हान के लिए आज का दिन अहम, शाम तक आएगी कोरोना के 80 संदिग्धों की रिपोर्ट; जानिए ताजा हाल
Coronavirus Jharkhand Update.अबतक कोरोना के प्रकोप से अछूते कोल्हान के तीनों जिले के उन 80 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आएगी जिनके नमूने गुरुवार को लिए गए थे।
जमशेदपुर, जेएनएन। Coronavirus Jharkhand Update झारखंड के कोल्हान के लिए आज यानी शुक्रवार का दिन अहम है। अबतक कोरोना के प्रकोप से अछूते कोल्हान के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के उन 80 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट शाम तक आने की उम्मीद है जिनके नमूने गुरुवार को जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल (एमजीएम) में भेजे गए थे।
बहरहाल, कोरोना वायरस से देशभर में मचे हड़कंप के बीच बुधवार को 52 संदिग्ध मरीजों का जो नमूना एमजीएम पहुंचा था उसमें 30 की गुरुवार को आई रिपोर्ट निगेटिव है, जबकि 22 की जांच चल रही है। इसकी रिपोर्ट भी शुक्रवार को दोपहर तक आने की उम्मीद है। कोल्हान में संदिग्ध मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अबतक संदिग्धों की संख्या बढ़कर 232 तक पहुंच गया है। गुरुवार को चाईबासा से भी 32 संदिग्ध मरीजों का नमूना जांच को पहुंचा था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार यानी आज आनी है।
एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में 12 संदिग्ध
एमजीएम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में गुरुवार को कोरोना वायरस के पांच नए संदिग्ध मरीज भर्ती हुए थे । इनमें दो ओडिशा की राजधानी भुनेश्वर के भी हैा। वे लोग सब्जी गाड़ी लेकर जमशेदपुर पहुंचे थे। वहीं एक परसुडीह का 12 साल का बच्चा है और एक सोनारी निवासी है। पांचों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम कॉलेज भेज दिया गया है। सभी की रिपोर्ट शुक्रवार को आने की उम्मीद है। इधर, एमजीएम के कॉमन ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गुरुवार को करीब 300 लोग सर्दी-खांसी, बुखार व सांस संबंधित परेशानी लेकर पहुंचे थे।
एमजीएम अस्पताल में बनेगा 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड
कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के लिए एमजीएम अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड के लिए अब तक 20 बेड ही थे, जिसे बढ़ाकर 100 बेड किया जाएगा। गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक के दौरान उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने यह जानकारी साझा की। एमजीएम के नए भवन में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा। पहले 10 बेड का बनाया गया था। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 20 बेड किया गया और अब 100 बेड का करने का निर्णय लिया गया है।
डिमना रोड से पकड़े गए 14 संदिग्ध क्वारंटाइन में
मानगो स्थित डिमना रोड के सुभाष कालोनी से 14 संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गुरुवार को पकड़ा था। इन्हें जांच के लिए एमजीएम लाया गया। सभी के हाथ पर मुहर लगाकर 14 दिन के लिए क्वारंटाइन में रहने के लिए भेज दिया गया है।
परसुडीह में छह लोगों की पहचान
परसुडीह थाना की पुलिस कीताडीह और आसपास के सटे इलाके के छह लोगों के पास गुरुवार को पहुंची थी। सभी दुबई से लौटे हैं।
जुगसलाई के एक ही परिवार के छह लोग क्वारंटाइन में गए
जुगसलाई क्षेत्र के एक ही परिवार के छह लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। ये परिवार एक सप्ताह पूर्व जिला प्रशासन से अनुमति लेकर मुंबई इलाज कराने गया था। वहां कोरोना वायरस का प्रकोप अधिक होने की वजह से सबको क्वारंटाइन में रखा गया है। गुरुवार को सड़क मार्ग से वे लोग जमशेदपुर पहुंचे और प्रशासन को सूचना जानकारी दी। पीड़ित गंभीर रोग से जूझ रही थी, जिसका ऑपरेशन मुंबई में होना था। वहीं मानगो जाकिर नगर के एक ही परिवार के 14 लोगों को भी क्वारंटाइन में रखा गया है। ये परिवार रांची के हिंदपीढ़ी में कोरोना वायरस के पॉजिटिव पाई गई महिला के संपर्क में था। इसमें पांच का नमूना लेकर जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।