Coronavirus Lockdown Update : आज बंद रहेंगे साकची के सब्जी बाजार,जानिए ताजा हाल Jamshedpur News
Coronavirus Lockdown Update. जिला प्रशासन ने रविवार को साकची में सब्जी बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। बाजार काे सैनिटाइज किया जाना है।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Lockdown Update जिला प्रशासन ने रविवार को साकची में सब्जी बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। लॉकडाउन के दौरान जिला प्रशासन साकची में बसंत टाकीज के सामने और रामलीला मैदान के पास बाराद्वारी मैदान में सब्जी बाजार लगवा रहा है।
इस संबंध में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि लॉकडाउन के बावजूद लोग बाजार में भीड़ लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार को भी संभावित भीड़ और इन दोनों स्थलों को सैनिटाइज करने के उद्देश्य से बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया है।
विजय शताब्दी में किसी भी बाहरी के प्रवेश पर रोक
जमशेदपुर के सोनारी स्थित विजय शताब्दी टावर में कोरोना वायरस को देखते हुए सभी बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यहां विभिन्न फ्लैट में आने वाले घर काम करने वाली महिलाएं, रसोइया सहित कपड़ा आयरन करने वाले लोग सहित किसी भी डिलीवरी ब्वॉय के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सोसाइटी के सदस्य हर दिन अपने फ्लैट के बाहरी क्षेत्र को पानी व फिनायल से धुलाई करवा रहे हैं लेकिन यह नाकाफी है। स्थानीय निवासी अब प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उनके फ्लैट का सैनिटाइज किया जाए। विजय शताब्दी टावर में 150 परिवार रहते हैं। यहां रहने वाले लोगों ने पैकेट या ग्वाला से दूध लेना बंद कर दिया है। इसके बदले में वे टेट्रा पैक दूध या पाउडर दूध का इस्तेमाल चाय पीने के लिए कर रहे हैं। वहीं, खाने की डिलीवरी करने वाले, ई-कॉमर्स पोर्टल से सामानों की होम डिलीवरी करने वालों कर्मचारियों के अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
मानगो के अर्जुन टावर में बाहरी का प्रवेश बंद
मानगो न्यू पुरूलिया रोड स्थित अर्जुन टावर सोसायटी में कोरोना की रोकथाम के लिए पुख्ता व्यवस्था किया गया है। फ्लैट में बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह बंद करवा दिया गया है। सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार निर्मल सिंह व सचिव मूनका अग्रवाल हैं। सोसाइटी में रहने वाले सरबजीत सिंह पनेसर कहते हैं कि सोसायटी में प्रवेश करने से पहले मुख्य गेट पर तैनात गार्ड द्वारा हाथ धुलवाते हैं। इसके बाद सैनिटाइजर लगाते हैं। सारी प्रक्रिया पूर करने के बाद ही सोसायटी में रहने वालों को प्रवेश दिया जाता है। सरबजीत सिंह ने बताया कि सोसायटी के नीचे कई दुकानें हैं, सभी दुकानों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद करवा दिया गया है, केवल एक मेडिकल दुकान को खोलने की इजाजत दी गई है।