Coronavirus Lockdown Update : शारीरिक दूरी के अनुपालन के लिए गांधी मैदान सब्जी बाजार में बैरिकेडिंग, ये रहा ताजा हाल Jamshedpur News
Coronavirus Lockdown Update.गांधी मैदान में लगने वाले सब्जी बाजार में लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शारीरिक दूरी के लिए बैरिकेडिंग की गई है। मैदान को पांच भागों में बांटा गया। ।
जमशेदपुर, जेएनएन। लॉकडाउन के बीच कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक और शारीरिक दूरी के अनुपालन पर पूरा जोर है। बावजूद इसके लोग वक्त के तकाजे को समझने को तैयार नहीं हो रहे। मानगो नगर निगम क्षेत्र के गांधी मैदान स्थित सब्जी बाजार में लाख मना करने के बावजूद लोग शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे। बार-बार चेतावनी देने, कड़ाई करने के बावजूद न विक्रेता बात मान रहे थे न खरीददार।
मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय के निर्देश पर मंगलवार को पूरे गांधी मैदान में बैरिकेडिंग कर दी गई। बुधवार को सुबह लोग जब सब्जी खरीदने पहुंचे तो बदला-बदला नजारा दिखा। । सिटी मैनेजर निर्मल कुमार ने बताया कि गांधी मैदान में लगने वाले सब्जी बाजार में लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शारीरिक दूरी के लिए बैरिकेडिंग की गई है। पूरे मैदान को पांच भागों में बांट दिया गया है। उन्होंने बताया कि बैरिकेडिंग के बाहर खरीददार रहेंगे जबकि उसके अंदर सब्जी विक्रेता। इससे शारीरिक दूरी बनी रहेगी।
लॉकडाउन उल्लघंन करने वालों पर केस
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों पर मंगलवार को भी केस दर्ज किया गया। गोविंदपुर में 12 लोगों को पकड़ा गया, जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। वहीं बिष्टुपुर थाना में भी प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बेल्डीह गोल्फ मैदान और बिष्टुपुर बाजार से लोगों को पकड़ा था।
घर-घर सर्वे करने के लिए बनी टीम में 337 शिक्षक
पूर्वी सिंहभूम जिला में घर-घर सर्वे को 337 टीम का गठन किया गया है। जिला प्रशासन ने प्रत्येक प्रखंड के लिए टीम का गठन कर दिया है। सबसे ज्यादा टीम जमशेदपुर प्रखंड के लिए बनाई गई है। यहां सर्वे को 100 टीम बनी है। इस टीम में एक शिक्षक, एक स्वास्थ्य सहिया तथा एक स्वास्थ्य तकनीशियन को शामिल किया गया है।