Coronavirus Jharkhand Update : 32 में 10 संदिग्ध की आई रिपोर्ट, किसी को कोरोना नहीं; तीन पर सबकी निगाहें
Coronavirus Jharkhand Update. चाईबासा के दस संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। जमशेदपुर के तीन संदिग्धों की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Jharkhand Update झारखंड के कोल्हान पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए राहत की खबर है। कोरोना वायरस से देशभर में हड़कंप मचा हुआ है। संदिग्ध मरीजों की जांच दिन-रात चल रही है। शुक्रवार को सुबह महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब से चाईबासा के दस संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। यानी किसी को कोरोना वायरस नहीं है। शेष 22 संदिग्ध मरीजों की जांच चल रही है, जिसकी रिपोर्ट देर शाम तक आने की उम्मीद है।
जमशेदपुर के एमजीएम कॉलेज के लैब में धनबाद से भी 22 नमूना जांच के लिए पहुंचा है। धनबाद सहित पूरे कोल्हान से 80 नमूना आया है। बारी-बारी से सभी नमूने की जांच चल रही है। देर शाम तक अधिकांश संदिग्ध मरीजों का रिपोर्ट आ जाएगी।
तीन की रिपोर्ट पर सबकी निगाहें
रांची के हिंदपीढ़ी में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मिली महिला की दो सहेली जमशेदपुर के आजादनगर में रहती है। उससे लगातार इन दोनों का संपर्क बना हुआ था। इसे ध्यान में रखते हुए दोनों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम कॉलेज भेजा गया था। देर शाम तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। वहीं दोनों को एमजीएम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं एक मलेशिया की महिला शामिल है, जो कदमा रहती है। इन तीनों की रिपोर्ट पर सबकी निगाहे हैं। एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में फिलहाल 12 संदिग्ध मरीजों को रखा गया है।
एमजीएम अस्पताल में बन रहा 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड
डीसी के निर्देश के बाद एमजीएम अस्पताल में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनना शुरू हो गया है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एमजीएम में 20 से बढ़ाकर 100 बेड का आसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह से ही नए भवन में बेड लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसकी निगरानी अधीक्षक डॉ. संजय कुमार व उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी कर रहे है।