Live Coronavirus Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में कोरोना पॉजिटिव की संख्या हुई 223,जानिए ताजा हाल
LIVE Coronavirus Jamshedpur News Update. पूर्वी सिंहभूम जिला कोरोना संक्रमण के मामले में पहले स्थान पर है। यहां अबतक कुल 223 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
जमशेदपुर,जासं। Coronavirus Jamshedpur Update झारखंड के कोल्हान में कोरोना का कहर जारी है। प्रमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला कोरोना संक्रमण के मामले में पहले स्थान पर है। यहां अबतक कुल 223 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। जिले में गुरुवार को कुल दस कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए।
संक्रमित लोगों में एक चाकुलिया, एक मुसाबनी, एक मानगो, दो बहरागोड़ा सहित पटमदा व एमजीएम थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं। ये सभी महाराष्ट्र, पुणे व चेन्नई से 14 मई को जमशेदपुर लौटे थे। इसके बाद बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल में शारीरिक जांच कर सरकारी क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया था। कुछ दिनों के बाद उन सभी का नमूना लिया गया और जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को एमजीएम अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया। वहीं एमजीएम कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में कुल 553 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें कुल 12 पॉजिटिव मरीज पाए गए। पूर्वी सिंहभूम के दस और पश्चिमी सिंहभूम के दो मरीज शामिल हैं। इधर, जिले से कुल 180 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। अबतक 15005 नमूना लिया जा चुका है। इसमें 130959 की जांच हो गई है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है।
बगैर दवा ठीक हुए कोरोना के छह मरीज
टाटा मोटर्स के परिवार कल्याण संस्थान (पीकेएस) में कोविड-19 को लेकर आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां अभी तक 14 कोरोना मरीजों को भर्ती किया गया है। इसमें से छह बगैर दवा स्वस्थ हुए हैं। बुधवार को ही कोरोना के चार मरीज अपने घर गए हैं, अब शुक्रवार को और दो मरीज यहां से विदा लेंगे। चिकित्सकों का कहना है कि इन मरीजों में कोरोना के लक्षण थे। इन्हें 21 दिन पीकेएस में रखा गया था, लेकिन इन्हें कोई दवा देने की जरूरत नहीं पड़ी। जांच के बाद इनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल पीकेएस मे आठ मरीज का इलाज चल रहा है।
सीतारामडेरा व बहरागोड़ा व से हटाया गया कंटेनमेंट जोन
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिले के दो स्थानों से कंटेनमेंट जोन हटा लिया, जिसमें सीतारामडेरा व बहरागोड़ा शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में 14 कंटेनमेंट जोन रह गए हैं। सीतारामडेरा में 26 मई को एक संक्रमित मिलने के बाद न्यू लेआउट में कंटेनमेंट जोन बनाया गया था। इसकी जद में मंजुला अपार्टमेंट से शिव प्रसाद का घर और बफर जोन में पीएन चौधरी के घर से श्याम भवन और दिनेश प्रसाद के घर से अजय कुमार तिवारी का घर शामिल था। बहरागोड़ा प्रखंड के बरागड़िया में कंटेनमेंट जोन बनाया गया था।
पश्चिमी सिंहभूम में आठ लोग हुए स्वस्थ
शुक्रवार को कोविड-19 समर्पित रेलवे अस्पताल, चक्रधरपुर के आइसोलेशन वार्ड से आठ कोरोना पीड़ित व्यक्ति को दोबारा जांच के उपरांत रिपोर्ट नेगेटिव आने पर जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त की उपस्थिति में डिस्चार्ज किया गया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि समाचार कवरेज करने के दौरान स्वास्थ्य विभाग के द्वारा तय शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें, मास्क एवं सैनिटाइजर का नियमित प्रयोग करें।
लॉकडाउन उल्लघंन के आरोप में गिरफ्तार, रिहा
पूर्वी सिंहभूम के बिरसानगर थाना की पुलिस ने लॉकडाउन उल्लघंन के आरोप में नागेंद्र तिवारी, प्रवीण कुमार, धर्मवीर तिवारी, कर्मवीर तिवारी, आशीष श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। सभी को थाना से जमानत दे दी गई। थाना में जमशेद अक्षेस के पदाधिकारी किशन कुमार की शिकायत पर लॉकडाउन उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह जानकारी सिटी डीएसपी ने दी।