कांग्रेस ने बिजली-पानी की समस्या को बनाया हथियार, प्रदर्शन कर बोला हल्ला Jamshedpur News
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और राज्य सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया।
जमशेदपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद अंदरूनी कलह से जूझ रही कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने अब आंदोलन के सहारे पार्टी कार्यकर्ताओं में उर्जा भरने और सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इसी के तहत शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और सरकार पर जमकर हल्ला बोला।
इससे पूर्व जमशेदपुर शहर के आम बगान मैदान से पदयात्रा कर कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। वहां राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली संकट के कारण लोग परेशान हैं। शहर से गांव तक पेयजल संकट से लोग जूझ रहे हैं। वहीं राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सरकार हर मोर्चे पर विफल है और लोगों को बरगलाया जा रहा है।
प्रदर्शन में डॉ अजय भी हुए शामिल
प्रदर्शन में खुद डॉ अजय कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जनसस्याओं को मुखर होकर उठायेंगे। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और सरकार झूठे आंकड़ों के सहारे आत्ममुग्ध है। गांव की कौन कहे जमशेदपुर शहर के लोग भी बिजली-पानी की समस्या से त्रस्त हैं। अपराधी बेलगाम हैं और जनता हलकान। बाद में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा और बिजली-पानी की समस्या के समाधान की मांग रखी। प्रदर्शन आनंद बिहारी दूबे भी शामिल थे।
घेरा था जीएम कार्यालय
बिजली की किल्लत को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने बिष्टुपुर स्थित बिजली विभाग के जीएम कार्यालय का घेराव किया था। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के उस वादे की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने 24 घंटे बिजली देने का दावा किया था। प्रदर्शन के दौरान सभी कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता हाथों में तख्ती, लैंप व गुलाब लिए हुए थे। उन्होंने बिजली विभाग व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजीव रंजन ने किया। प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने विरोध स्वरूप विद्युत जीएम अरविंद कुमार को लैंप व गुलाब भेंट किया। विद्युत जीएम को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर में बिजली की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के कार्यालय में ताला मारकर कर्मचारियों को बंधक बनाया जाएगा। कार्यक्रम में राकेश तिवारी, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश साहू, आशीष मुखी, निलेश कुमार, जगदीश महतो, हीरालाल, रंजन, सुशील तिवारी, रंजीत राउत, मिंटू हेम्ब्रम, मो. नौशाद, देवाशीष घोष, रोहित पाल, अमित कुमार आदि उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप