Move to Jagran APP

लाचार सिस्टम में आधार का लिंक हो गया फेल

आधार बनवाने में लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।कोई ऐसा दिन नहीं जब आधार पंजीकरण केंद्रों पर झिकझिक न होती हो।

By Edited By: Published: Wed, 10 Oct 2018 01:55 AM (IST)Updated: Wed, 10 Oct 2018 02:59 PM (IST)
लाचार सिस्टम में आधार का लिंक हो गया फेल
लाचार सिस्टम में आधार का लिंक हो गया फेल

जमशेदपुर (जेएनएएन)। तमाम जरूरी कार्यो में आधार की जरूरत की वजह से आधार बनवाने में लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।कोई ऐसा दिन नहीं जब आधार पंजीकरण केंद्रों पर झिकझिक न होती हो। अगर ज्यादा जरूरी है तो लोग अपना कामकाज छोड़कर सुबह छह-सात बजे से ही आधार पंजीकरण के अभियान में जुट जाते हैं। सीमित संख्या में फार्म दिए जाने के कारण ऐसा करना उनकी मजबूरी है। इसके बाद भी कभी बिजली कट तो कभी लिंक फेल रोज की समस्या है।

loksabha election banner

भुइयांडीह, सीतारामडेरा, भालूबासा जैसे कई इलाकों में तो केंद्र का कोई अता-पता नहीं है। पूरे तामझाम के साथ बिष्टुपुर स्थित मुख्य पोस्टऑफिस में आधार पंजीकरण व त्रुटियों को ठीक करने के लिए केंद्र शुरू किया गया। बिना किसी पूर्व सूचना के पिछले आठ-दस दिन से यह केंद्र भी बंद पड़ा है। लोग आते हैं और तबतक इंतजार करते हैं जबतक उन्हें यह जानकारी नहीं मिल जाती कि अब यहां आधार का काम नहीं हो रहा है। मजे की बात यह है कि लोगों को यह नहीं मालूम कि कहां-कहां आधार पंजीकरण हो रहा है। जिन केंद्रों के बारे में लोगों को जानकारी हो गई है वहां सुबह सात बजे से लाइन लग रही है। कुछ बैंक शाखाओं में भी पंजीकरण का काम हो रहा है लेकिन आम लोग नहीं जानते। वहां सन्नाटा पसरा रहता है। दैनिक जागरण की टीम ने मंगलवार को आधार पंजीकरण केंद्रों मौका-मुआयना किया।

 प्रखंड कार्यालय : बिजली गुल, काम ठप जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में रोजाना 50 से 55 लोगों के आधार कार्ड का पंजीकरण किया जाता है। । केन्द्र सुबह 10.30 से दोपहर दो बजे तक खुला रहता है। माह में एक दिन लगने वाले जनता दरबार के दिन दो के बजाए शाम चार बजे तक केन्द्र पर आधार कार्ड बनाने का काम होता है। मंगलवार को बिजली गुल हो जाने के कारण दोपहर 1.45 से ही काम ठप हो गया। शाम चार बजे तक बिजली नही आई। इंतजार करने के बाद लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। यहां रोजाना सुबह आठ बजे से ही दूर-दराज से लोग आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंच जाते हैं। नया आधार कार्ड निशुल्क बनाया जा रहा है। बिष्टुपुर डाकघर : आठ दिन से आधार केंद्र बंद बिष्टुपुर प्रधान डाकघर में बीते आठ दिनों से आधार कार्ड पंजीकरण का काम ठप पड़ा है। यहां पर आधार कार्ड बनाने के लिए लोग 30 से 35 किलोमीटर दूर सरायकेला-खारसावां जिले से भी आते हैं। लेकिन सभी को वापस लौटना पड़ रहा है। रोजाना 80 से 100 लोग पहुंचते थे जिनमें आधे से अधिक को वापस लौटना पड़ता था। पिछले आठ दिन से लोग आ रहे हैं और मायूस हो वापस लौट रहे हैं।

गोलमुरी उप-डाकघर : तीन दिन से लिंक फेल गोलमुरी उप-डाकघर स्थित आधार पंजीकरण केंद्र पिछले तीन दिन से ठप है। इसका कारण लिंक का फेल होना बताया जा रहा है। मंगलवार को बारीडीह निवासी रोहित सिंह आधार पंजीकरण को सुबह पहुंचे तो 12 बजे के बाद बुलाया गया। जब 12 बजे पहुंचे तो कहा गया कि लिंक फेल है। कब काम होगा, निश्चित नहीं। बीते तीन दिनों से लिंक फेल है। आधार कार्ड बनाने के लिए दोपहर 12 से तीन बजे निर्धारित किया गया है।

 ग्रामीण बैंक : सुबह सात बजे से कतार डिमना रोड स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक में आधार कार्ड बनाने के लिए सुबह सात बजे से लाइन लग जाती है और कार्यालय खुलता है दस बजे। लोग सीढ़ी पर बैठकर इंतजार करते हैं कि आधार का पंजीकरण हो जाए। दस बजे कार्यालय खुलने और फार्म बंटने पर पता चलता है कि एक दिन में सिर्फ 30 ही लोगों का आधार कार्ड बनेगा। यहां रोजाना 60 से 70 लोग पहुंचते हैं। तीन घंटे लाइन में खड़े रहने के बावजूद आधे लोगों को निराश हो वापस लौटना पड़ता है।

गोविंदपुर- गदड़ा : एक लाख से ज्यादा आबादी, नहीं कोई पंजीकरण केंद्र एक लाख से ज्यादा आबादी वाले गोविंदपुर व गदड़ा क्षेत्र में आधार पंजीकरण के लिए कोई केंद्र नहीं है। यहां के लोगों को कई किलोमीटर की दूरी तय कर टेल्को, साकची, बिष्टुपुर स्थित पंजीकरण केंद्रों पर जाना पड़ता है। इस एक काम के लिए उन्हें पूरा दिन समर्पित करना पड़ता है फिर भी काम हो जाए तो गनीमत। पहले यहां के प्रज्ञा केंद्र में पंजीकरण होता था। विगत मार्च से बंद है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.