Weather Update : मौसम ने ली करवट, बारिश ने बढ़ाई कनकनी; अभी नहीं मिलेगी राहत Jamshedpur News
Weather Update. मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रुक-रुक कर बारिश से कनकनी और बढ़ गई है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर शहर में मौसम ने फिर करवट ली। बुधवार की रात आसमान में बादल घिर आए और हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद शहर में ठंड बढ़ गई और तापमान नीचे गिर गया। बारिश गुरुवार सुबह नौ बजे तक जारी रही। आकाश में बादल छाए हैं। ऐसे मेंं ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं।
बुधवार को शहर का मौसम खुशगवार था। सुबह से ही धूप खिली हुई थी। लेकिन, रात को अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी बारिश की संभावना है। दिन में दो बार बरसात हो सकती है। बरसात की वजह से गुरुवार को शहर का तापमान न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस से अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। शुक्रवार को बरसात की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा। लेकिन, सुबह कुहासा रहने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार से मंगलवार तक शहर में सुबह कुहासा रहने की आशंका जताई गई है।
शनिवार होगा हफ्ते का सबसे ठंडा दिन
शनिवार को बरसात की संभावना नहीं है। लेकिन, ये दिन हफ्ते का सबसे ठंडा दिन होगा। इस दिन शहर का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक रहने की संभावना है। जबकि, रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, सोमवार को 11 डिग्री और मंगलवार को 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।