राजनीति में झूठ नहीं बोलता, हर हाल में पूरे करूंगा वादेः रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की महिलाओं को आश्वस्त किया कि जब तक आपका भाई रघुवर दास प्रदेश का मुख्यमंत्री है, आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राजनीति में मैं झूठ नहीं बोलता। मैंने जनता से जो भी वादे किए हैं, उनको हर हाल में पूरा करूंगा। सरकार नया झारखंड बनाने के अभियान पर है। इसमें सबकी बराबर की भागीदारी है और सबको यह भागीदारी अनिवार्य रूप से निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री रक्षाबंधन पर रविवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा टाउन हॉल में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व महिलाओं ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को राखी बंधवाकर राज्य की महिलाओं की सुरक्षा का वचन दिया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार प्राचीन काल से मनाया जा रहा है। बहनें अपने भाई की कलाई में राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करती हैं। हमारी संस्कृति में नारी शक्ति का बड़ा महत्व है। नारी शक्ति के रूप में हम मा दुर्गा, काली की पूजा करते आ रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में समाज में फैली कुरीतियों के कारण आज हमारी मां-बहनें स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने राज्य की महिलाओं को आश्वस्त किया कि जब तक आपका भाई रघुवर दास प्रदेश का मुख्यमंत्री है, आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक निभाऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने उन गरीब महिलाओं की दर्द को समझा जो महिला लकड़ी के चूल्हे पर अपने परिवार के लिए खाना बनाती थी। धुआं के कारण बीमार रहती थी। प्रधानमंत्री ने उनके दर्द को समझा और उन तमाम गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन मुफ्त में उपलब्ध कराया।
झारखंड पहला राज्य है जहां उज्जवला योजना के तहत गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन के साथ चूल्हा भी मुफ्त में दिया जा रहा है। राज्य में दिसंबर तक 35 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जाएगा। अभी तक 23 लाख 50 हजार महिलाओं को कनेक्शन दिया जा चुका है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदम की जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड पहला ऐसा राज्य है, जहां महिलाओं के नाम पर 50 लाख की परिसंपति की रजिस्ट्री मात्र एक रुपया हो रही है। आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को अपने संबोधन में घोषणा कि कि गरीब लोगों के मुफ्त इलाज के लिए प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर 25 सितंबर को प्रधानमंत्री ही करेंगे। राज्य में 57 लाख लोगों को इस प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की लोगों से अपील की। कहा कि इस योजना का लाभ ये होगा कि राज्य में अब कोई इलाज के बिना अकाल मौत नहीं मरेगा। इस योजना का लाभ पूरे परिवार को मिलेगा। सुरक्षित और समृद्ध झारखंड बनाने में सबकी भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान ही मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के 1000 लाभुकों में कुछ महिला लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से गैस का कनेक्शन वितरित किया। इससे पूर्व पाच महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बाध कर उनकी मंगल कामना की। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उपायुक्त ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक 1,39,409 महिलाओं को गैस का कनेक्शन दिया जा चुका है। धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त बी माहेश्वरी ने किया। मंच पर एसएसपी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, 20 सूत्री के उपाध्यक्ष, एडीएम लॉ एंड आर्डर के साथ ही अन्य लोग भी उपस्थित थे।
हर साल कर्ज उतारने आता हूं एग्रिको स्थित आवास पर अपनी बहनों से राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को राखी की बधाई दी। कहा कि जेपी आंदोलन के दौरान मैं पुलिस से बचने के लिए इन्हीं बहनों के घर में छिपता था। हर साल चाहे जहां भी रहूं, बहनों का यह कर्ज उतारने के लिए उनसे राखी बंधवाने जरूर आता हूं। -
लिया गोलगप्पे का आनंद मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार की शाम को अचानक साकची बाजार पहुंचे। बसंत सिनेमा चौक से झंडा चौक होते हुए डालडा लाइन पहुंच कर गोलगप्पे का आनंद लिया। फिर गुप्ता स्वीट्स लाल बिल्डिंग साकची में हरिजन स्कूल के अपने पुराने हेडमास्टर मोती लाल के साथ चाय पी। उनके साथ खादी बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, संजीव सिंह आदि भी थे।