Jharkhand Assembly Election 2019 : जमशेदपुर में बोले सीएम, फिर सरकार बनी तो शहरी सफेदपोश अपराधियों की लेंगे खबर
Jharkhand Assembly Election 2019. रघुवर दास ने कहा है कि फिर सरकार बनी तो जमशेदपुर धनबाद बोकारो और रांची में सक्रिय सफेदपोश अपराधियों की नकेल कसी जाएगी।
जमशेदपुर, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड के मुख्यमंत्री और जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास ने कहा है कि फिर सरकार बनी तो शहरी सफेदपोश अपराधियों की खबर लेंगे। जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और रांची में सक्रिय सफेदपोश अपराधियों की नकेल कसी जाएगी ताकि शहर में होनेवाले छिटपुट अपराध भी पूरी तरह खत्म हो जाएं।
संवाददाता सम्मेलन में दास ने कहा कि जमशेदपुर समेत सभी प्रमुख शहरों में कानून व्यवस्था को और बेहतर करेंगे। जमशेदपुर पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में सूबे में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर रही और यह सकून की बात है कि राज्य में लोग दिन हो या रात कही भी आना-जाना निर्भय होकर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के सरकार के कामकाज के प्रति जनता में संतोष है। कहा कि जमशेदपर में यातायात व्यवस्था बेहतर किया है। दोमुहानी में पुल बनाया गया है। इससे रांची आने-जाने में लोगों को आसानी हो रही है और समय की बचत भी हो रही है। जमशेदपुर के लोआबासा में भी पुल बनकर तैयार है।
मिलेगा काम इनाम, फिर बनेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में बेहतर कार्य किए हैं और उसका इनाम इस चुनाव में मिलेगा। एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। कहा कि कांग्रेस और झामुमो आदिवासियों को बरगलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली है। सूबे का आदिवासी समाज अब विकास का मतलब समझ चुका है। हमारी सरकार ने उनका जीवन स्तर उठाने के लिए कार्य किए और उसका नतीजा सामने है।