क्लासिक एट ने विकास को रोका
बनोद मुर्मू व ठाकुर सोरेन के उम्दा प्रदर्शन के सहारे क्लासिक एट लक्ष्मीनगर ने आसान जीत दर्ज कर ली।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बिनोद मुर्मू व ठाकुर सोरेन के उम्दा प्रदर्शन के सहारे क्लासिक एट लक्ष्मीनगर ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय टिनप्लेट ग्राउंड में खेले गए ए डिवीजन फुटबॉल लीग के एक मुकाबले में विकास समिति क्लब को 2-0 से पराजित कर दिया। क्लासिक एट लक्ष्मीनगर की टीम शुरू से ही आक्रामक नजर आ रही थी। खेल के 10वें मिनट में ही उसे उस समय शुरुआती बढ़त मिल गई, जब बिनोद मुर्मू ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को बेहतरीन मूव बनाते हुए गोल में तब्दील कर दिया। गोल खाकर बौखलाई विकास समिति क्लब की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन विरोधी टीम की सतर्क रक्षा पंक्ति के आगे उसकी एक न चली। मध्यांतर तक क्लासिक एट लक्ष्मीनगर की टीम 1-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिला। खेल के 51वें मिनट में ठाकुर सोरेन ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर मुकाबले को 2-0 पर ला खड़ा किया। दोहरे झटके ने विकास समिति क्लब की कमर तोड़ दी। मैच के दौरान उसे गोल करने के कई सुनहरे मौके मिले, लेकिन आपसी सामंजस्य के अभाव में उसे कोई सफलता नहीं मिल पाई। मैच के रेफरी फाटू किस्कू, कारू मुर्मू, डी मुंडया व संजय हांसदा थे।