ईसाई धर्मावलंबियों को मिला मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ, गए बैंडेल चर्च Jamshedpur News
तीर्थ यात्रा का खर्च वहन नहीं कर पाने वाले झारखंड के लोगों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। पूर्वी सिंहभूम से ईसाई धर्मावलंबी बैंडेल चर्च गए हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। ईसाई धर्मावलंबियों को भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ मिला है। वे बैंडेल चर्च में प्रार्थना का सपना पूरा कर पाएंगे। पूर्वी सिंहभूम से 66 लोगों को मौका मिला है।
बुधवार को जमशेदपुर कलेक्ट्रेट कैंपस से तीर्थ यात्रियों को रांची के हटिया के लिए उप विकास आयुक्त एवं जिला योजना पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला से 66 योग्य लाभुकों को कोलकाता स्थित बैंडेल चर्च का दर्शन करने के लिए रवाना किया जा रहा है। पूरे प्रदेश से इकट्ठा ईसाई तीर्थ यात्रियों को हटिया से कोलकाता के लिए ट्रेन से रवाना किया जाएगा।
करेंगे सूबे की उन्नति के लिए प्रार्थना
उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन करने के लिए जा रहे ईसाई धर्म के लोग कोलकाता स्थित बैंडेल चर्च का भ्रमण कर वहां प्रदेश, जिला और समाज की उन्नति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करेंगे । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले का लक्ष्य 60 योग्य लाभुकों को तीर्थ दर्शन कराना था। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिला से 66 योग्य लाभुकों को तीर्थ दर्शन के लिए रवाना किया गया है। तीर्थ दर्शन के लिए चयनित योग्य लाभुकों की रवानगी से पहले संपूर्ण स्वास्थ्य जांच भी की गई।
पहले कराया गया था महाप्रभु जगन्नाथ का दर्शन
पूर्व में भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत श्रद्धालुओं को पुरी स्थित महाप्रभु जगन्नाथ का दर्शन कराया गया था। झारखंड सरकार की प्रतिबद्धता गरीब असहाय लोगों को तीर्थ दर्शन कराना है। इसी क्रम में ईसाई धर्म 1599 में स्थापित हुआ था बैंडेल चर्च
बेसिलिका ऑफ़ द होली रोज़री जिसे आमतौर पर बैंडेल चर्च के रूप में जाना जाता है, भारत के पश्चिम बंगाल में सबसे पुराने ईसाई चर्चों में से एक है। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बंडेल में स्थित यह बंगाल में पुर्तगाली बस्ती के लिए एक स्मारक के रूप में खड़ा है। इसकी स्थापना 1599 में हुई थी।
रद करनी पड़ी थी सिख धर्मावलंबियों की यात्रा
मुख्यमंत्री दर्शन योजना के अंतर्गत दो अगस्त को सिख श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली स्पेशल ट्रेन स्थगित कर दी गयी थी। श्रद्धालुओं की संख्या कम होने की वजह से यह कदम उठाना पड़ा था। जमशेदपुर से श्रद्धालुओं की संख्या पूरी हो गयी थी परंतु झारखंड के अन्य जिलों से काफी कम संख्या में श्रद्धालुओं की सूची आयी थी।