मुख्यमंत्री ने की गोवर्धन पूजा, पशु रक्षा का किया आह्रवान Jamshedpur News
सीएम ने कहा िकि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर हम संकल्प लें कि अपने पशु धन की रक्षा करेंगे। पशु हमारी किसानी संस्कृति का अटूट हिस्सा हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को एग्रिको स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ विधिपूर्वक गोवर्धन पूजा की। साथ ही उन्होंने झारखंड राज्य के वासियों को गोवर्धन पूजा पर अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ धन परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत और संस्कार का हिस्सा है। आज गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर हम संकल्प लें कि अपने पशु धन की रक्षा करेंगे। पशु हमारी किसानी संस्कृति का अटूट हिस्सा हैं। इनकी रक्षा और संवर्धन कर हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखें। गोपालक भगवान श्री कृष्ण ने हमें यही संदेश दिया। आइये हम सब मिलकर सच्चे अर्थों में इसका निर्वहण करें। रघुवर दास पिछले दो दिन से जमशेदपुर में थे। उन्होने क्षेत्र का भ्रमण किया और दीपावली भी अपने आवास पर ही मनाई। सोमवार को गोवर्धन पूजा के बाद वे रांची के लिए रवाना हो गए।