Chhath Puja 2020: खराब मौसम के बावजूद घाटों पर डटे रहे श्रद्धालु
पिछले दो दिन से आसमान पर छाए हुए बादल शनिवार को हटने की बजाय बरसने लगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को आसमान साफ रहने वाला था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शनिवार को मौसम का मिजाज कुछ ज्यादा ही बिगड़ गया। शनिवार सुबह घने...
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) । पिछले दो दिन से आसमान पर छाए हुए बादल शनिवार को हटने की बजाय बरसने लगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को आसमान साफ रहने वाला था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शनिवार को मौसम का मिजाज कुछ ज्यादा ही बिगड़ गया। शनिवार सुबह घने कोहरे के साथ बूंदाबांदी भी हुई। जिससे श्रद्धालुओं को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बावजूद शहर के लगभग सभी घाटों पर व्रती-श्रद्धालु डटे रहे। इधर, मौसम विभाग ने दो दिन पहले ठंड बढ़ने की भी आशंका जताई थी।
इस कारण लोगों ने सुबह में गर्म कपड़े रख लिए थे या पहन लिए थे, लेकिन यहां उल्टा ही हो गया। ठंड की बजाय बारिश होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को क्या होगा यह तो कहना मुश्किल है, लेकिन इसकी वजह से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई। वैसे बिगड़े मौसम में भी व्रती और श्रद्धालु घाट पर जमे रहे। सुबह आठ बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। श्रद्धालुओं ने तो घड़ी और सूर्य की लालिमा देखकर अर्घ्य अर्पित कर दिया, लेकिन आम लोगों को इसकी वजह से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बात का अनुमान नहीं लग रहा है कि मौसम का मिजाज कब तक ऐसा बना रहेगा।