चक्रधरपुर मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी, 22 अक्टूबर तक करें आवेदन
चक्रधरपुर रेल मंडल अपनी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय और कॉलोनियों की सुरक्षा निजी ...और पढ़ें

रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय और रेलवे कॉलोनियों की सुरक्षा के लिए लगभग 3.53 करोड़ रुपये का विशेष टेंडर आमंत्रित किया गया है।
HighLights
चक्रधरपुर रेल मंडल सुरक्षा निजी हाथों में सौंपेगा।
रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय, कॉलोनियों की सुरक्षा होगी।
3.53 करोड़ का टेंडर, 48 गार्ड दो साल के लिए।
जासं, जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।
मंडल प्रशासन ने अपने प्रमुख 'नान-कोर' (गैर-मुख्य) और संवेदनशील परिसरों की सुरक्षा का जिम्मा निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर ली है।
इसके तहत रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय और रेलवे कॉलोनियों की सुरक्षा के लिए लगभग 3.53 करोड़ रुपये का विशेष टेंडर आमंत्रित किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के इस दायरे में चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अस्पताल में रात्रि ड्यूटी के दौरान महिला चिकित्सा स्टाफ और नर्सों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से निजी गार्ड तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा, मंडल के प्रशासनिक मुख्यालय (डीआरएम ऑफिस कॉम्प्लेक्स) और रेल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों में भी इन सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी रहेगी।
इस पूरी सुरक्षा परियोजना के तहत कुल 48 निजी सुरक्षाकर्मियों को दो साल (730 दिन) के अनुबंध पर तैनात किया जाएगा, जिसकी कुल कार्य अवधि 35,040 कार्यदिवस आंकी गई है।
रेल प्रशासन द्वारा जारी इस निविदा प्रक्रिया में इच्छुक सुरक्षा एजेंसियों के लिए बोली लगाने और टेंडर फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
