चक्रधरपुर मंडल: 346 कर्मचारी देंगे JE पद के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट, SC-ST अभ्यर्थियों को मिलेगी स्पेशल कोचिंग
चक्रधरपुर रेल मंडल में जूनियर इंजीनियर (जेई) पदों के लिए 25% इंटरमीडिएट अप्रेंटिस कोटा के तहत 346 रेलकर्मी पात्र घोषित किए गए हैं।

अभ्यर्थियों का चयन केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से होगा, और SC-ST कर्मचारियों को विशेष कोचिंग मिलेगी।
HighLights
25% इंटरमीडिएट अप्रेंटिस कोटा के तहत चयन।
SC-ST अभ्यर्थियों को मिलेगी 3-4 सप्ताह की कोचिंग।
जासं, जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के विद्युत विभाग (टीआरएस एवं आरएसओ) में जूनियर इंजीनियर (जेई) बनने के इच्छुक रेलकर्मियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।
25 प्रतिशत इंटरमीडिएट अप्रेंटिस कोटा (IMAQ) के तहत लेवल-6 में जेई के पदों पर चयन के लिए मंडल प्रशासन ने पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
346 रेलकर्मी परीक्षा के लिए पात्र घोषित
रेल प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस चयन प्रक्रिया के लिए कुल 373 आवेदन प्राप्त हुए थे। स्क्रूटनी के बाद 346 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र माना गया है।
जबकि 27 आवेदनों को त्रुटियों के कारण खारिज (अपात्र) कर दिया गया है। चयन प्रक्रिया का आयोजन केन्द्रीकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CCBT) के माध्यम से किया जाएगा।
15 सितंबर 2026 तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी का आवेदन पत्र गलत या भ्रामक जानकारी पर आधारित पाया जाता है, तो उसकी उम्मीदवारी किसी भी चरण में रद्द की जा सकती है।
जारी सूची के संबंध में यदि किसी कर्मचारी को कोई आपत्ति या दावा प्रस्तुत करना है, तो वे 15 सितंबर 2026 तक मंडल के कार्मिक विभाग में अपनी लिखित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
SC-ST कर्मचारियों के लिए प्री-सेलेक्शन कोचिंग
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC-ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए रेलवे द्वारा 3 से 4 सप्ताह की प्री-सेलेक्शन कोचिंग दी जाएगी।
इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सिलेबस के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।
