Chaibasa News: चाईबासा में 11 मतदान केंद्रों में किया गया बदलाव, देखिए किन बूथों को बदला गया
Chaibasa News पंचायत चुनाव में सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने 11 मतदान केंद्रों में बदलाव कर दिया है अब मतदाताओं को वोट देने के लिए थोड़ी और मशक्कत करनी पड़ेगी लेकिन प्रशासन ये फैसला लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
चाईबासा, जासं। नोवामुंडी प्रखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र व जंगल और पहाड़ियों के बीच घिरे रहने के कारण वोटरों को होने वाले परेशानियों को देखते हुए 11 बूथ केंद्रों का बदलाव किया गया है। बदलाव किये गए बूथ केंद्रों में दिरीबुरु, दुधबिला,पेटेता, बड़ापासेया पंचायत के बूथ केंद्र शामिल है। दिरीबुरु पंचायत के लिपुंगा प्राथमिक स्कूल बूथ केंद्र संख्या 81 के 453 मतदाता अब वोट डालने के लिये 7.5 किमी दूरी तय कर प्राथमिक विद्यालय ठाकुरा जाएंगे। वहीं दूसरी ओर दिरीबुरु पंचायत के प्राथमिक विद्यालय कंतोड़ेया बूथ संख्या 83 के 394 मतदाता 2.5 किमी दूर खास दिरीबुरु उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बूथ केंद्र में वोट डालेंगे। दुधबिला पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताड़ेया बूथ केंद्र संख्या 83 को बदलकर उत्क्रमित मध्य बिद्यालय सुकरीपाड़ा बूथ केंद्र में बदल दिया गया है। इस तरह से देखा जाय तो उग्रवाद गतिविधि व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के 241 वोटर वोट डालने के लिये चार किमी अतिरिक्त दूरी जाकर वोट देंगे।
पेटेता पंचायत के बुरुराईका उत्क्रमित प्राथमिक स्कूल बूथ केंद्र संख्या 110 के 270 मतदाता उत्क्रमित उच्च बिद्यालय लतार कुन्द्रीझोर बूथ केंद्र जाएंगे। पेटेता पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोखरिया बूथ संख्या 111 के 311 मतदाताओं को वोट डालने के लिए बड़ा कुन्द्रीझोर बूथ केंद्र में वोट देंगे। इस तरह से देखा जाए तो बुरु राईका और पोखरिया गांव के वोटरों को वोट डालने के लिए आठ किमी जाना होगा। बड़ापासेया पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बुरु बोड़ता पूर्वी भाग बूथ संख्या 122 के 307 मतदाताओं को वोट डालने के लिए उदाजो प्राथमिक विद्यालय दक्षिण भाग बूथ केंद्र जाना पड़ेगा। जबकि, बड़ापासेया पंचायत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पूर्वी भाग बूथ केंद्र संख्या 123 के 318 मतदाता वोट देने के लिये प्राथमिक विद्यालय उदाजो मध्य भाग में वोट देंगे।
बड़ापासेया पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मध्य भाग बूथ केंद्र संख्या 124 के 225 वोटर प्राथमिक विद्यालय उदाजो उत्तरी भाग बूथ केंद्र में वोट डालने के लिये जाएंगे। इस तरह से बुरुबोड़ता के वोटरों को सात किमी दूर वोट डालने के लिये जाना होगा। बड़ापासेया पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बम्बासाई बूथ केंद्र 125 के 404 वोटर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बूथ केंद्र कितांग तोडांग में वोट देंगे। दुधबिला पंचायत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कुलायसाई बूथ संख्या 99 के 268 वोटर वोट देने बेतेरकेया आंगनबाड़ी केंद्र और उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हेसापी बूथ संख्या 100 के 328 वोटरों को वोट देने दुधबिला उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुधबिला जाएंगे।