जमशेदपुर में अधिवक्ता के घर से ग्रिल तोड़कर उड़ाए ₹16 लाख के गहने और कैश, CCTV में कैद हुए 5 संदिग्ध
पोटका के हल्दीपोखर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर से चोरों ने देर रात लगभग 16 लाख रुपये के जेवरात ...और पढ़ें

चोरों ने अधिवक्ता के घर से लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
HighLights
अधिवक्ता जावेद जमाल के घर से 16 लाख के जेवर चोरी।
चोरों ने 95 हजार रुपये नकद भी चुराए, कुल बड़ी वारदात।
सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्ध चोर कैद, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, पोटका । पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दीपोखर हृदय नगर में रविवार की देर रात चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर से लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
अधिवक्ता जावेद जमाल के अनुसार, घटना देर रात लगभग दो से तीन बजे के बीच की है। रात करीब 3:10 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्हें आंखों में तेज जलन महसूस हुई।
आंखें धोकर जब वे हॉल में पहुंचे तो दरवाजा और मुख्य गेट खुला देखकर उन्हें अनहोनी का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत अपने माता-पिता को जगाया।
जांच करने पर पिता के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला टूटा मिला, जिसमें रखे ₹16 लाख के गहने और ₹95 हजार कैश गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस तड़के करीब चार बजे मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पांच की संख्या में संदिग्ध चोर घर के आसपास हलचल करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीड़ित अधिवक्ता जावेद जमाल ने बताया कि लगभग ढाई वर्ष पूर्व भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर गिरोह का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। चोरी की घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं।
