जमशेदपुर में साइबर ठगी पर CBI का शिकंजा, टुईलाडूंगरी में कई ठिकानों पर छापेमारी
जमशेदपुर में सीबीआई ने साइबर ठगी मामले की जांच में गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी में कई जगहों पर छापेमारी ...और पढ़ें

सीबीआई टीम की फाइल फोटो
HighLights
सीबीआई ने जमशेदपुर में साइबर ठगी मामले की जांच की।
टुईलाडूंगरी में कई स्थानों पर छापेमारी कर एक युवक हिरासत में।
साइबर ठगी में प्रयुक्त सिम युवक के नाम पर पंजीकृत।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई ) ने मंगलवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी में कई स्थानों पर छापेमारी की।
इस दौरान टीम ने राजदीप नामक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की। सीबीआई की कार्रवाई से इलाके में पूरे दिन हलचल रही और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटे रहे।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित रूप से साइबर ठगी से जुड़े बैंक खाते को खोलने में किया गया था, वह राजदीप के नाम पर पंजीकृत है।
इसी आधार पर सीबीआई उससे मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मामले में प्रत्यक्ष भूमिका है या उसका नाम केवल दस्तावेजी प्रक्रिया के कारण सामने आया है।
इसी क्रम में सीबीआई की एक अन्य टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के आवास पर भी पहुंची। अधिकारियों ने वहां आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और संबंधित जानकारी जुटाई।
फिलहाल एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि जसबीर सिंह का मामले से क्या संबंध है या उनसे केवल जांच के सिलसिले में जानकारी ली गई है। सीबीआई अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार एजेंसी साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों, मोबाइल सिम और अन्य दस्तावेजों की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस साइबर ठगी नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका रही है और आगे एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी।
