बैरल में फंसकर रह गई गोली, बाल-बाल बचे पूर्व पार्षद प्रत्याशी
आदित्यपुर के वार्ड संख्या 10 से पार्षद प्रत्याशी रह चुके दुर्गा सिंह मुंडा पर देसी कट्टे से जान मारने की कोशिश की गई।
जमशेदपुर (जेएनएन)। जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थानाक्षेत्र के कृष्णापुर बोंडी में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 से पार्षद प्रत्याशी रह चुके दुर्गा सिंह मुंडा पर अमित सरदार उर्फ डानू ने देसी कट्टे जान मारने की कोशिश की। संयोग से गोली बैरल में फंस जाने की वजह से दुर्गा सिंह की जान बच गयी।
जानकारी के मुताबिक दुर्गा सिंह मुंडा, पूर्व पार्षद राजू सदार, विक्की महतो, किशोर लामा व विनोद मुखी के साथ कृष्णापुर के दक्षिण पूर्वी भाग स्थित मध्य विद्यालय के मैदान में बैठकर बातचीत करते हुए कुछ खा रहे थे। इसी क्रम में गांव के अमित सरदार उर्फ डानू भी आकर बैठ गया। उसे देखकर दुर्गा सिंह मुंडा व उसके दोस्त कुछ दूर जाकर बैठ गये। दुर्गा सिंह किसी से फोन पर बात कर रहा था कि डानू ने पकड़कर कनपट्टी में कट्टा सटाकर फायर कर दिया। लेकिन गोली बैरल में ही फंस गयी। इतने में दुर्गा चिल्लाने लगा। तबतक उसे सभी साथी पहुंचे और डानू को पकडऩे की कोशिश की। धड़ पकड़ करने में डानू का कट्टा वहीं गिर गया और वह भागने में कामयाब हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिस्तौल और गोली को जब्त कर लिया है।
वार्ड पार्षद समेत तीन पर केस
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि गोली चलाकर जान लेने का प्रयास किया गया था। दुर्गासिंह मुंडा के बयान पर वार्ड संख्या 10 के पार्षद महेंद्र सरदार समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।