कैनरा बैंक डकैती के फरार आरोपियों की तलाश तेज, बिहार-बंगाल में पुलिस की दबिश; 10 लाख का इनाम घोषित
गोलमुरी कैनरा बैंक डकैती के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बिहार से पश्चिम बंगाल तक छापेमारी कर रही ...और पढ़ें

गोलमुरी कैनरा बैंक डकैती कांड में पुलिस की दबिश तेज, परिजनों पर बना रहे दबाव।
HighLights
कैनरा बैंक डकैती के आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज।
पुलिस ने बिहार-बंगाल में पांच संदिग्धों की पहचान की।
फरार आरोपियों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक डकैती कांड में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बिहार से पश्चिम बंगाल तक छापेमारी तेज कर दी है। 24 सितंबर को हुई इस वारदात में अपराधियों ने बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लूट लिया था। घटना के पर्दाफाश के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित 20 सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआइटी) लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच कर रही है।
हालांकि, अब तक आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, डकैती कांड में समस्तीपुर के प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के अक्षय कुमार उर्फ साका, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह और बिहार के चंपारण निवासी ऋतिक कुमार समेत पांच संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की टीमें आरोपितों के संभावित ठिकानों और घरों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि, अधिकांश के घरों पर कोई नहीं मिला। समस्तीपुर निवासी प्रियदर्शी के घर पर उसकी विधवा मां मिलीं। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया।
पुलिस अब आरोपितों के संपर्कों, आवाजाही के रास्तों और संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार, बंगाल, ओडिशा और नेपाल से जुड़े संभावित अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस फरार आरोपितों पर गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पुलिस का मानना है कि आम लोगों से मिलने वाली सूचना आरोपितों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को प्रत्येक अपराधी के संबंध में सटीक सूचना देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने पर दो-दो लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। पांचों आरोपितों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। लोग आरोपितों के बारे में जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर साझा कर सकते हैं।
- डाॅ. एहतेशाम वकारिब, एसएसपी, जमशेदपुर
