Jamshedpur News: बकाएदारों व चोरी से बिजली जलाने वालों के खिलाफ चलाया अभियान, 19 पर एफआइआर
जमशेदपुर शहर भर में बकाएदारों व चोरी की बिजली चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जमशेदपुर में कुल 241 घरों में छापेमारी की गई। जिसमें से 19 लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में एफआइआर दर्ज कराया गया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक प्रतोष कुमार के आदेश के बाद शहर भर में बकाएदारों व चोरी की बिजली चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जमशेदपुर में कुल 241 घरों में छापेमारी की गई। जिसमें से 19 लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में एफआइआर दर्ज कराया गया। जबकि उपरोक्त आरोपितों से 5 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस संबंध में मानगो विद्युत डिवीजन के कार्यपालक अभियंता विशाल कुमार ने बताया कि मानगो क्षेत्र में कुल 194 घरों में छापेमारी की गई। जिसमें से 11 लोगों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया गया। जबकि उनसे 3.32 लाख रुपये की वसूली की गई। वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर के विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र में 47 घरों में छापेमारी की गई। जिसमें चोरी का बिजली जलाने के आरोप में 8 लोगों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया गया। आराेपितों से 2.02 लाख रुपये की वसूली की गई। जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक प्रतोष कुमार ने बताया कि बकाएदारों के खिलाफ लगातार छापेमारी करने का आदेश सभी कार्यपालक अभियंता को भेजा गया है।