एलआइसी में बंपर 8500 वेकेंसी, अभी करें ऑनलाइन आवेदन Jamshedpur News
जमशेदपुर डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव गिरीश ओझा ने कहा कि फेडरेशन वर्षों से इसकी मांग कर रहा था। उसी के दबाव में ये नियुक्तियां घोषित हुई हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) सहायक पद पर देश भर में 8500 नियुक्ति करने जा रही है, जिसका विस्तृत विवरण 'डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एलआइसी इंडिया डॉट इन पर उपलब्ध है। इसका श्रेय कर्मचारी संगठन ऑल इंडिया एलआइसी इम्प्लाइज फेडरेशन ले रही है।
जमशेदपुर डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव गिरीश ओझा ने कहा कि फेडरेशन वर्षों से इसकी मांग कर रहा था। उसी के दबाव में ये नियुक्तियां घोषित हुई हैं। हमारी समझ थी कि जीवन बीमा निगम में गुणवत्तापूर्ण सेवा जारी रखने के लिए युवा कर्मचारियों की आवश्यकता है। इसके साथ ही शिक्षित बेरोजगारों के भविष्य की नैतिक जिम्मेदारी भी हम महसूस करते हैं। वर्षों का प्रयास रंग लाया। आवेदक सिर्फ एक ही मंडल कार्यालय में आवेदन दे सकता है।
एक अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
जमशेदपुर मंडल में कुल 74 रिक्तियां हैं जो गढ़वा, डालटेनगंज, गुमला, खेलारी, रांची, चक्रधरपुर, चाईबासा व घाटशिला शाखा कार्यालयों में हैं। इसमें भी एससी, एसटी, ओबीसी, अवकाश प्राप्त सैनिक, दिव्यांग आदि के लिए आरक्षण है। इसके लिए 17 सितंबर से एक अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन भरा जा सकता है। परीक्षा दो चरण में होगी, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा 21 व 22 अक्टूबर को ऑनलाइन होगी। स्नातक उत्तीर्ण सामान्य अभ्यर्थियों के लिए उम्रसीमा 18-31 वर्ष है, जबकि आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार उम्रसीमा में ढील दी जाएगी।
इनसे भी कर सकते संपर्क
जमशेदपुर स्थित एसोसिएशन के पदाधिकारी आवेदकों-अभ्यर्थियों को सहयोग करने के लिए तत्पर रहेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी एसोसिएशन की जमशेदपुर इकाई के पदाधिकारी गिरीश ओझा, शांतनु महतो, महेंद्र मार्डी , कृष्णेंदु बागची, बी. वेंकटेश्वर या मनोज बंसरियार से संपर्क कर सकते हैं।