टाटा मोटर्स में छह दिन नहीं बनेंगे वाहन, जानिए क्या है वजह
टाटा मोटर्स में 23 दिसंबर तक बंदी रहेगी। इस दौरान कंपनी में उत्पादन कार्य नहीं होगा। कंपनी में केवल मेंटेनेस काम चलेगा।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। टाटा मोटर्स में 23 दिसंबर तक बंदी रहेगी। इस दौरान कंपनी में उत्पादन कार्य नहीं होगा। कंपनी में केवल मेंटेनेस काम चलेगा। छह दिन के बाद 24 दिसंबर को कंपनी खुलेगी। बीते दिनों 19 से 22 दिसंबर तक ब्लॉक-क्लोजर करने की अधिसूचना जारी हुई थी।
सर्कुलर के मुताबिक 18 दिसंबर को वार्षिक मेंटेनेंस को लेकर कंपनी बंद रहेगी तो 23 दिसंबर को रविवार को लेकर साप्ताहिक अवकाश है। इस प्रकार कंपनी में लगातार छह दिन का अवकाश रहेगा। वार्षिक रख-रखाव (मेंटेनेंस) गतिविधियों के कारण सभी डिवीजनों और डिपार्टमेंट के अलावा सर्विसेज, जनरल ऑफिस में काम बंद रहेगा। 18 दिसंबर की बंदी के बदले 27 जनवरी रविवार को कंपनी खुली रहेगी। ब्लॉक क्लोजर के दौरान कंपनी में कामकाज तो बंद रहेगा। परंतु विशेष जरूरतों के कारण कुछ डिवीजन या डिपार्टमेंट में काम होगा। इन जगहों पर काम करने के लिए कर्मचारियों को अलग से नोटिस देकर बुलाया जा सकता है।
टाटा कमिंस में मिलती रहेगी पेमेंट स्लिप
टाटा कमिंस कर्मचारियों को पूर्व की ही तरह पेंमेंट स्लिप (हार्ड कॉपी) मिलता रहेगा। सामूहिक तौर पर मेल के जरिए कर्मचारियों को पेमेंट स्लिप देने वाली अधिसूचना को लागू नहीं किया जाएगा। टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के प्रवक्ता टीके महंती ने बताया कि प्रबंधन-यूनियन की बैठक में आपसी मेल-मिलाप के जरिए कंपनी व मजदूर हित में काम करने का निर्णय लिया गया।
नहीं होगा ब्लॉक क्लोजर
बैठक में बताया गया कि टाटा कमिंस में ब्लॉक-क्लोजर नहीं किया जाएगा। टाटा मोटर्स में 19 से 22 दिसंबर तक क्लोजर रहेगा। इसी आधार पर यहां बंदी करने की बात हो रही थी। कंपनी को पर्याप्त मात्र में दूसरी कंपनियों से भी आर्डर प्राप्त हुए हैं, ऐसे में यहां बंदी नहीं रहेगी। गौरतलब हो कि पेमेंट स्लिप मामले को लेकर पहले यूनियन नेताओं ने आधे घंटे तक लाइन बंद करवाया था, जिस पर कंपनी प्रबंधन ने सभी को कॉशन नोट जारी किया था। फिर प्रबंधन-यूनियन के बीच शीतयुद्ध जारी था जो वार्ता के बाद समाप्त हो गया।
22-23 व 25 को अवकाश
टाटा कमिंस में 22 व 23 दिसंबर को कंपनी में बंदी रहेगी। 22 शनिवार को अवकाश देने के बदले 27 जनवरी को कंपनी में काम होगा। 24 दिसंबर को कंपनी खुली फिर 25 को क्रिसमस को लेकर कंपनी बंद रहेगी। हालांकि इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई है लेकिन प्रबंधन-यूनियन की बैठक में इस पर मुहर लग गई है।