भाजपाइयों ने फूंका विधायक सरयू राय का पुतला Jamshedpur News
शहर में बढ़ते अपराध व अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विधायक सरयू राय का पुतला फूंका।
जमशेदपुर (जासं) । शहर में बढ़ते अपराध व अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विधायक सरयू राय का पुतला फूंका। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सातों मंडल में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया, जिसमें सरयू राय मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। इस दौरान भाजपाई अपने हाथ में पोस्टर लिए थे, जिसमें सरयू राय पर जमीन माफिया को संरक्षण देने और लाभ पहुंचाने संबंधी नारे लिखे थे।
पुतला दहन का नेतृत्व गोलमुरी गोलचक्कर पर गोलमुरी मंडल अध्यक्ष प्रोबिर चटर्जी राणा, बर्मामाइंस टेंपो स्टैंड के पास मंडल अध्यक्ष दीपक झा, संडे मार्केट में बिरसानगर मंडल अध्यक्ष श्रीराम प्रसाद, आजाद मार्केट में टेल्को मंडल अध्यक्ष पप्पू मिश्रा, बारीडीह गोलचक्कर पर मंडल अध्यक्ष संतोष ठाकुर, भालूबासा चौक पर सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रमेश नाग और काशीडीह चौक पर साकची पूर्वी के मंडल अध्यक्ष ध्रुव मिश्रा ने किया।
भाजपा महानगर अध्य्क्ष गुंजन यादव ने कहा कि अधिवक्ता प्रकाश यादव की हत्या पर भारतीय जन मोर्चा के बिरसानगर संयोजक अमूल्यो कर्मकार को जिस तरह से विधायक सरयू राय ने संरक्षण दिया उससे भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, आमजन में भी रोष है। हत्या के विरोध में शनिवार को कार्यकर्ता घर पर काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन करेंगे।