शारीरिक दूरी के आरोप में फंस सकते भाजपाई, भाजमो की पैनी नजर Jamshedpur News
Jamshedpur Politics. जमशेदपुर के बिरसानगर की घटना के बाद अब तक सरयू राय पर आक्रामक हो रहे भाजपाई शारीरिक दूरी के उल्लंघन मामले में बैकफुट पर आते दिख रहे हैं। भारतीय जनता मोर्चा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की है।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर के बिरसानगर की घटना के बाद अब तक सरयू राय पर आक्रामक हो रहे भाजपाई शारीरिक दूरी के उल्लंघन मामले में बैकफुट पर आते दिख रहे हैं। सरयू राय की पार्टी भारतीय जनता मोर्चा ने सोमवार को उपायुक्त से बिरसानगर में भीड़ जुटाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोविड-19 के नियमों के उल्लंघन मामले में कार्रवाई की मांग की है।
देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर कार्रवाई करता है कि नहीं। भाजपाई मंगलवार को भी जगह-जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जला रहे हैं। भाजमो इनके कार्यक्रम पर भी नजर रखे हुए है। यदि यहां भी शारीरिक दूरी के उल्लंघन का मामला हुआ, तो भाजमो ने जिला प्रशासन पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाने की तैयारी की है।
उदघाटन के बगैर लौट गए थे सरयू
ज्ञात हो कि 15 अक्टूबर को बिरसानगर में सामुदायिक भवन का उदघाटन करना था, लेकिन वहां भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट जाने के कारण सरयू राय बिना उदघाटन किए लौट गए थे। इस पर भाजपा सरयू राय को विकास विरोधी और नकारात्मक राजनीति करने वाला बता रही है। हालांकि, इस मामले में अब तक भाजपा के किसी बड़े नेता की प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन घटना के दूसरे जब सरयू राय ने संवाददाता सम्मेलन बुलाकर इसे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के इशारे पर की गई हरकत बताया, तो राकेश सिंह ने सरयू राय को विकास विरोधी करार दे दिया। राकेश ने कहा कि जिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरयू राय को फर्श से अर्श तक पहुंचाया, वही आज उनकी आंख की किरकिरी बने हुए हैं। दूसरी ओर राकेश सिंह ने इस बात का खुलासा भी किया कि भाजपा कार्यकर्ता सांसद विद्युत वरण महतो के कहने पर जुटे थे। इस भवन का उदघाटन सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक सरयू राय को संयुक्त रूप से करना था। चूंकि इस सामुदायिक भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया था, इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं का हक बनता है कि वे इसके उदघाटन कार्यक्रम में शामिल हों।
भाजपा का ये है आरोप
राकेश का कहना था कि सरयू राय ने दस माह बाद भी जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की एक ईंट भी नहीं रखी है। इसके बाद भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रेम झा ने भी सरयू राय को विकास विरोधी बताते हुए बयान जारी किया था। इन सब बातों पर सरयू राय या उनके कार्यकर्ताओं ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन भाजमो ने सरकारी प्रावधानों के माध्यम से ही कठघरे में खड़ा करने की तैयारी की है। यदि प्रशासन कार्रवाई करता है तो इससे भाजपा व भाजमो के बीच तनाव बढ़ने की संभावना है।