भाजपा सांसद विद्युतवरण महतो ने कह दी बड़ी बात, बिना पैसे दिए नहीं होता कोई काम Jamshedpur News
सांसद विद्युत वरण महतो ने एक सरकारी कार्यक्रम में यह कह कर सबको सकते में डाल दिया कि बिना पैसे के सरकारी कार्यालयों में कोई काम नहीं होता।
चाकुलिया( पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की बात कहने वाली भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को एक सरकारी कार्यक्रम में यह कह कर सबको सकते में डाल दिया कि बिना पैसे के सरकारी कार्यालयों में कोई काम नहीं होता।
उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि भ्रष्टाचार वह दुम है, जो कभी सीधी नहीं हो सकती। सांसद ने जब यह बात कही उस समय मंच पर जमशेदपुर डीसी रविशंकर शुक्ला, डीडीसी विश्वनाथ माहेश्वरी, बहरागोड़ा विधायक कुणाल षडंगी समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे।
मानुषमुडि़या में लगा था जनमा दरबार
दरअसल, बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुडिय़ा गांव में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से जनता दरबार का आयोजन किया गया था। इसमें एक ग्रामीण ने उठकर शिकायत की कि म्यूटेशन कराने में बहरागोड़ा अंचल कार्यालय में 7000 रुपए घूस लिया जाता है। ग्रामीण के आरोप पर जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद जब संसद विद्युत वरण महतो बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्होंने सबसे पहले यही कहा कि भ्रष्टाचार वह दुम है जो कभी सीधी नहीं हो सकती। हम कभी नहीं मान सकते कि बिना पैसे के सरकारी कार्यालयों में काम होता है।
भ्रष्टाचार पर लगाम जरूरी
हालांकि इसके बाद उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि देश में एक ऐसा व्यक्ति इस समय प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठा है जो भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ है। एक समय था जब किसी प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली से जब 100 रूपया चलता है तो गांव 20 रूपया ही पहुंचता है। लेकिन अब वैसी स्थिति नहीं है। अब ग्रामीणों को सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में पूरा पैसा दिया जा रहा है।