भाजपा का सदस्यता महाअभियान छह जुलाई से, मिस्ड कॉल से बन सकते सदस्य Jamshedpur News
भाजपा का सदस्यता अभियान छह जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा। इसके अलावा 12 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्य बनाने के लिए पार्टी विशेष अभियान चलाएगी।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा का सदस्यता महाअभियान 2019 आगामी छह जुलाई (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती) से देशभर में प्रारंभ होगा। समाज के सभी वर्गों, धर्म और जातियों तक पहुंच और दायरा बढ़ाने के लिए भाजपा ने सदस्यता कार्यक्रम को सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बनाने पर बल दिया है। लोग भाजपा की प्राथमिक सदस्यता के लिए 8980808080 पर मिस्डकॉल के जरिए जुड़ सकेंगे। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार सदस्य बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा भाजपा की वेबसाइट पर ऑनलाइन सदस्यता तथा व्यक्तिगत रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पत्रक भरकर भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता प्राप्त की जा सकेगी।
भाजपा के जमशेदपुर जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि सदस्यता अभियान छह जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा। इसके अलावा 12 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्य बनाने के लिए पार्टी विशेष अभियान चलाएगी। सदस्यता अभियान को बल देने के लिए पार्टी के सांसद, विधायक, नगर और जिला पंचायत के प्रतिनिधि, प्रदेश और जिला संगठन के पदाधिकारियों का सात दिनों का प्रवास सभी मंडलों में होगा।
31 अगस्त तक होगा सत्यापन
प्राथमिक सदस्यों और सक्रिय सदस्यता प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं का सत्यापन 31 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाएगा। दिनेश ने बताया कि जमशेदपुर महानगर से एक लाख प्राथमिक सदस्य तथा पांच हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पत्रकारों को जिला सदस्यता प्रभारी खेमलाल चौधरी ने भी संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में सह प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह, जिला प्रवक्ता अंकित आनंद एवं दीपक पारीक भी मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप