बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग को लेकर भाजपाइयों ने फूंका सीएम का पुतला Jamshedpur News
साकची गोलचक्कर पर भाजपाइयों ने विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो द्वारा बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नही देने के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। शहर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग को लेकर साकची गोलचक्कर पर सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कुलसी रोड स्थित जिला कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक जुलूस निकाला।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में पुतला उठाए हेमंत सोरेन के खिलाफ नारे लगा रहे थे। साकची गोलचक्कर पर भाजपाइयों ने राज्य सरकार के इशारे पर विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो द्वारा बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नही देने के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं दिया जाना भाजपा का अपमान : दिनेश कुमार
पुतला दहन के क्रम में महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया है। परंतु हेमंत सरकार द्वारा नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं देना पूरे भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि सीएम के इस रवैये से पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के दिशा-निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी द्वारा सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार से बाबूूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग कर रही है।
उन्होंने हेमंत सरकार पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप लगाया, कहा कि जब पार्टी की ओर से बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया है तो सरकार द्वारा नेता प्रतिपक्ष का दर्जा ना देना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। प्रदेश में संविधान की हत्या हो रही है जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक है। नेता प्रतिपक्ष का दर्जा ना मिलने से पार्टी के विधायकगण प्रदेश की समस्याओं व विकास संबंधी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा नही कर पा रहे हैं। अगर हेमंत सोरेन की सरकार नेता प्रतिपक्ष की मांगों पर अविलंब विचार नहीं करती है तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी और अपनी मांगों के साथ चिर-परिचित अंदाज में जोरदार आंदोलन करेगी।
ये रहे शामिल
इस दौरान मुख्यरूप से भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, रमेश हांसदा, बबुआ सिंह, हलधर नारायण साह, संजीव कुमार, विकास सिंह, अप्पा राव, धर्मेंद्र प्रसाद, भूपेंद्र सिंह, अनिल मोदी, गुंजन यादव, चंद्रशेखर गुप्ता, राकेश सिंह, विमलकांत झा,जटाशंकर पांडेय, अमरजीत सिंह राजा, विमल बैठा, गौतम प्रसाद, आलोक बाजपेयी, अमरेंद्र पासवान, रमेश नाग, दीपक झा, प्रोबिर चटर्जी राणा, श्रीराम प्रसाद, राजेश साव, दीपू सिंह, निसार अहमद,नमंटू चरण दत्ता, कृपासिंधु महतो, अनमोल वर्मा, गणेश विश्कर्मा, प्रदीप सिंह, प्रेम झा, विजय तिवारी, राजीव सिंह, रविन्द्र सिंह, पवन सिंह, मुकेश ठाकुर, रीना चौधरी, खुशी ओझा, लक्ष्मी यादव, रामदुलारी देवी, कैलाशपति मिश्रा, शांति देवी, सीमा जायसवाल, अजय सिंह, मंजीत सिंह, अमित सिंह, संगीता शर्मा, संजना साहू, ममता भूमिज, अशोक सामंत, रंजीत सिंह, सुनील सिंह, अजीत सिंह, अमित सिंह, सोनू सरदार, सिद्धार्थ रवी सिंह, मंटू शर्मा, भूषण दीक्षित, ऋषिकेश चंद्रवंशी, कांची लोहार, पंकज सिन्हा, विक्रम चंद्राकर, शशि यादव, राजकुमार साह, मुकेश शर्मा, विकास शर्मा, एस कार्तिक, भरत बेहरा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।